पूर्व कैबिनेट मंत्री कैरों के सियासी सलाहकार पर जाली रसीद देने का मामला दर्ज
punjabkesari.in Saturday, Mar 31, 2018 - 12:01 PM (IST)

तरनतारन (रमन): पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरों के सियासी सलाहकार गुरमुख सिंह घुल्ला बलेर के खिलाफ अढ़ाई करोड़ के लेन-देन में से 50 लाख की जाली रसीद देने का मामला दर्ज किया गया। हालांकि आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस को दी शिकायत में करणदीप सिंह निवासी वार्ड नंबर-15 पट्टी ने बताया कि गठबंधन सरकार के समय मार्च 2013 में ट्रक यूनियन पर तत्कालीन फूड सप्लाई मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरों के सियासी सलाहकार गुरमुख सिंह घुल्ला ने कब्जा कर लिया था। इसके बाद सितारा सिंह डलीरी को यूनियन का प्रधान बना दिया और करणदीप सिंह व माझा सैंट्रल ट्रक ऑप्रेटर सोसायटी बना ली। पंजाब भर में ढुलाई के ठेके गुरमुख सिंह घुल्ला के पास थे। विभिन्न ट्रांसपोर्टरों को गुरमुख सिंह घुल्ला ने करीब अढ़ाई करोड़ का भुगतान नहीं किया।
सियासी रसूख के चलते गुरमुख सिंह घुल्ला बलेहर ने ट्रक ऑप्रेटरों को उक्त राशि देने की बजाय धमकाना शुरू कर दिया। करणदीप सिंह के पास 3 ट्रक थे। उसका करीब 3 लाख का किराया गुरमुख सिंह घुल्ला बलेर की ओर था। करणदीप सिंह ने जब अपना बकाया मांगा तो घुल्ला बलेर ने 50 लाख की रसीद देते हुए कहा कि प्रधान बलदेव सिंह को उक्त राशि दे दी गई है। उक्त रसीद जाली पाए जाने के बाद गुरमुख सिंह घुल्ला, सितारा सिंह डलीरी, गुरिन्द्र सिंह और बिक्रमजीत सिंह निवासी अमृतसर के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कर लिया गया।