कई राज्यों में बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद सतर्क हुआ प्रशासन, सुखना में भी मृत मिला पक्षी

punjabkesari.in Wednesday, Jan 06, 2021 - 10:36 AM (IST)

चंडीगढ़ (विजय गौड़) : देश के कई राज्यों में बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है, जिसके बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने भी शहर के कई हिस्सों में सर्विलांस बढ़ा दी थी। इस दौरान मंगलवार को सुखना लेक के पास एक मृत पक्षी मिला। 

इसके बाद एक बार फिर चंडीगढ़ में भी बर्ड फ्लू का खतरा मंडराने लगा है। हालांकि मौके पर पर्यावरण विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर सैंपल ले लिए। इसके बाद विभाग ने इन सैम्पलों को जालंधर के क्षेत्रीय रोग निदान प्रयोगशाला में भेजा दिया।
इसके साथ ही प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों की टीम भी बना दी है, जो शहर के विभिन्न हिस्सों में जाकर सैंपल एकत्रित करेगी। इसके साथ ही सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 

सतर्कता बरती जा रही है : दलाई
पशु चिकित्सा विभाग ने मनीमाजरा, हल्लोमाजरा के पोल्ट्री फॉर्म और सुखना लेक समेत शहर के विभिन्न जल निकायों से नमूने लिए हैं। ये सभी जालंधर के प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे। मुख्य वन संरक्षक देबेंद्र दलाई ने बताया कि उनकी तरफ से काफी सतर्कता बरती जा रही है। मंगलवार को विभिन्न टीमों ने पूरे दिन निरीक्षण किया लेकिन उन्हें कोई मृत पक्षी नहीं मिला। शाम को जानकारी मिली कि सुखना के रेगुलेटरी ऐंड पर पक्षी मृत देखा गया, जिसके बाद टीम वहां पहुंची और उन्हें नमूना लेने के लिए कहा गया। शहर के विभिन्न हिस्सों से पशु चिकित्सा विभाग ने नमूने लिए हैं, जिनकी जांच की जाएगी। दलाई ने कहा कि शहर में अभी तक कोई भी बर्ड फ्लू का मामला सामने नहीं आया है, न ही किसी पक्षी में इसके लक्षण दिखाई दिए हैं।

Tania pathak