सिद्धू की प्रधानगी के बाद हरीश रावत अब जाएंगे उत्तराखंड, पंजाब में बनेगा नया प्रभारी

punjabkesari.in Saturday, Jul 24, 2021 - 01:36 PM (IST)

जालंधर(धवन): कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी द्वारा हरीश रावत को उत्तराखंड कैम्पेन कमेटी (प्रचार समिति) का अध्यक्ष मनोनीत करने के बाद अब पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी की नियुक्ति कांग्रेस नेतृत्व द्वारा अगले कुछ दिनों में की जा सकती है। वैसे भी पंजाब कांग्रेस का संकट हल होने के बाद कांग्रेस नेतृत्व द्वारा नए प्रभारी की नियुक्ति की जानी है।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा नए प्रभारी के रूप में अब उस नेता को आगे लाया जाएगा जो पंजाब को एकता के सूत्र में बांधते हुए आगे ले जा सके। पंजाब विधानसभा के चुनाव फरवरी 2022 में होने हैं। ऐसी स्थिति में नया प्रभारी ऐसा होना चाहिए जो दोनों गुटों को अपने साथ ले जाने में सक्षम रहे।उत्तराखंड में भी विधानसभा के चुनाव फरवरी 2022 में होने हैं। ऐसी स्थिति में उत्तराखंड के लिए कांग्रेस नेतृत्व ने सभी वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारियां जल्द ही लगा देनी हैं। पंजाब प्रभारी की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण रहनी है। इसका एक कारण यह भी है कि अगले चुनाव में कांग्रेस के मौजूदा विधायकों में से कई  कांग्रेसी विधायकों की टिकटें कांग्रेस नेतृत्व ने काटनी हैं जो जीतने में सक्षम नहीं होंगे। इस संबंध में प्रशांत किशोर की रिपोर्ट काफी महत्वपूर्ण होगी। 

ऐसी स्थिति में कांग्रेस विधायकों को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के समर्थन की भी पूरी जरूरत रहेगी। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने भी अगले कुछ दिनों में मजबूत कांग्रेस विधायकों को लेकर अपने स्तर पर सर्वे करवाना है। प्रशांत किशोर अपनी टीम से प्रारंभिक सर्वे करवा  चुके हैं जिसमें 2 दर्जन से अधिक विधायकों को लेकर नकारात्मक रिपोर्टें सामने आई हैं। इन विधायकों के प्रति जनता में आक्रोश है तथा उनके स्थान पर नए चेहरे लाने से ही पार्टी को फायदा मिलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News