Punjab: 3 जिलों के युवाओं को मिलेगा अग्निवीर बनने का मौका, 7 दिसंबर से भर्ती रैली

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 11:49 AM (IST)

अमृतसर (नीरज) : जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह की अगुवाई में 7 दिसम्बर से 17 दिसम्बर 2026 तक 11 दिवसीय अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट जिलों के लिखित परीक्षा पास कर चुके करीब 6000 उम्मीदवार हिस्सा लेंगे। भर्ती रैली को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 

इस संबंध में 21 अक्तूबर को उप-मंडल मजिस्ट्रेट अमृतसर-2 एवं आर्मी भर्ती रैली के नोडल अधिकारी गुरमंदर सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की गई। बैठक के दौरान भर्ती रैली के प्रबंधों और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों के बारे में विचार-विमर्श किया गया। गुरमंदर सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को भारतीय सेना में सेवा करने का अवसर उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती रैली में शामिल होने वाले युवाओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए और सभी प्रबंध समय पर पूरे किए जाएं।

आर्मी भर्ती कार्यालय से कर्नल जेम्स जैकब ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को रैली वाले स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने पीने के साफ पानी, निर्बाध बिजली आपूर्ति, शौचालयों, साफ-सफाई, टेंटों, बैरीकेडिंग, सुरक्षा, यातायात और चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ फायर ब्रिगेड के प्रबंध करने पर जोर दिया। इस भर्ती रैली के लिए गुरु नानक स्टेडियम, गांधी ग्राउंड और अलेक्जेंड्रा स्कूल के लड़कों के लिए निर्धारित पार्किंग क्षेत्र का उपयोग किया जाएगा। अधिकारियों को इन स्थानों पर सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधों की ओर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया।

जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, अमृतसर के डिप्टी डायरैक्टर प्रभजोत सिंह ने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करते हुए भर्ती रैली से संबंधित प्रबंध समय पर पूरे करेंगे ताकि यह प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके। इस अवसर पर मेजर शुभम भट्ट, सुरेश कुमार (रोजगार अधिकारी), तीर्थपाल सिंह (डिप्टी सी.ई.ओ. जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो), पुलिस विभाग से दलजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग से निर्मलजीत सिंह और करियर काउंसलर भारती शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News