एयर इंडिया का अमृतसर से दिल्ली जा रहा विमान बीच रास्ते बादलों से उलझा

punjabkesari.in Sunday, Apr 22, 2018 - 08:41 AM (IST)

अमृतसर(इन्द्रजीत, अवधेश): अमृतसर से दिल्ली जा रहा एयर इंडिया का विमान दिल्ली पहुंचने से 100 किलोमीटर पूर्व आसमानी बादलों से उलझ गया। नतीजन तेज हवा के कारण विमान सिंक कर गया और तकरीबन 3200 फुट नीचे आने के उपरांत विमान हवा में संभला। विमान में सवार 253 यात्रियों में भगदड़ मच गई, जिनमें से कुछ यात्री घायल हो गए। विमान में घायल यात्रियों की संख्या 40 से 50 बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर ए-1462 जो अमृतसर हवाई अड्डे से दोपहर 2:45 बजे निकली, जिसे 4 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचना था। इसी बीच करीब 3:40 बजे विमान गहरे बादलों में उलझ कर असंतुलित हो गया, जिसके कारण विमान हवा में ही करीब एक किलोमीटर नीचे आ गया। जैसे ही विमान ने सिंक करने के बाद अपनी सामान्य पॉजीशन पकड़ी तो विमान के चालक दल ने उसे संभालने की भरपूर कोशिश करते हुए दिल्ली हवाई अड्डे की 
तरफ कूच करवा दिया। विमान समय से 10 मिनट पहले ही दिल्ली रनवे पर पहुंच गया। इसके उपरांत यात्रियों को बाहर निकाला गया। यात्रियों में सवार महिला वंदना अरोड़ा के पति मनोज उर्फ मनु अरोड़ा ने बताया कि विमान में 40 से 50 यात्री जख्मी हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। 

Vatika