हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ेगा अकाली दल बादल

punjabkesari.in Wednesday, Sep 18, 2019 - 10:46 AM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी): शिरोमणि अकाली दल ने हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। यह निर्णय पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में पार्टी के मुख्य कार्यालय में हुई कोर कमेटी की मीटिंग में किया गया। इस मीटिंग में बलविंद्र सिंह भूंदड़, हरी सिंह जीरा, चरनजीत सिंह अटवाल, निर्मल सिंह काहलों, बिक्रम सिंह मजीठिया, प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा, महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल, डा. दलजीत सिंह चीमा, उपिंद्रजीत कौर, बलदेव सिंह मान, जनमेजा सिंह सेखों, सिकंदर सिंह मलूका, गुलजार सिंह रणीके तथा सुरजीत सिंह रखड़ा ने भाग लिया। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता हरचरन सिंह बैंस ने बताया कि पार्टी ने 22 सितम्बर को हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने में रुचि रखने वाले उम्मीदवारों का इंटरव्यू लेने के लिए कुरुक्षेत्र में कार्यकर्ताओं की मीटिंग बुलाई गई है। इसके लिए बलविंद्र सिंह भूंदड़ के नेतृत्व में एक स्क्रीनिंग कमेटी बनाई गई है। 

बैंस ने बताया कि वरिष्ठ अकाली नेता बलविंद्र सिंह भूंदड़ के नेतृत्व में कमेटी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा से सीटों के बंटवारे के बारे में विचार-विमर्श करेगी। हरियाणा चुनाव प्रचार के लिए बनाई इस कमेटी के बाकी सदस्यों में प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा तथा सुरजीत सिंह रखड़ा शामिल हैं। यह कमेटी पार्टी के चुनाव प्रचार के लिए रणनीति भी तैयार करेगी। उन्होंने बताया कि कोर कमेटी ने मीटिंग में विशेष प्रस्ताव पारित किया है, जिसमें भारत सरकार से अपील की गई है कि सजा पूरी करने के बाद भी देश की विभिन्न जेलों में बंद सभी सिख कैदियों की तत्काल रिहाई का आदेश दिया जाए। 

जलालाबाद व दाखा उपचुनाव के लिए प्रचार कमेटियां बनाईं 
इस दौरान पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने जलालाबाद तथा दाखा उपचुनाव के लिए भी प्रचार कमेटियां बनाईं। पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा वरिष्ठ अकाली नेता जनमेजा सिंह सेखों जलालाबाद निर्वाचन क्षेत्र के प्रचार अध्यक्ष होंगे तथा डा. दलजीत सिंह चीमा दाखा के लिए प्रचार कमेटी का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान कोर कमेटी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेतली व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि भेंट की।

swetha