पंजाब में 10 पर AAP व 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी टकसाली पार्टी, 1 कैंडीडेट होगा साझा

punjabkesari.in Saturday, Mar 02, 2019 - 11:18 AM (IST)

चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पंजाब में सियासी समीकरण तेजी से बदलते जा रहे हैं। अब अकाली दल टकसाली और आम आदमी पार्टी ने पंजाब  में गठबंधन कर लिया है। बताया जा रहा है कि सूबे की 13 सीटों पर आम आदमी पार्टी ने 10 और टकसाली दल 2 सीटों पर चुनाव लड़ने पर सहमति जता दी है। जबकि आनंदपुर साहिब सीट पर दोनों पार्टियों का उम्मीदवार साझा होगा।
पंजाब आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष भगवंत मान ने दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि एक दो दिन में गठबंधन का पार्टी की ओर से ऐलान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टकसाली पार्टी के अध्यक्ष रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा, वरिष्ठ नेता सेवा सिंह सेखवां और पूर्व सांसद डॉ. रतन सिंह अजनाला से उनकी बातचीत हो चुकी है। मान ने कहा कि पंजाब की जनता कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल से ऊब चुकी है, और तीसरे विकल्प के रूप में एक मजबूत गठबंधन चाहती है। जिसके चलते आम आदमी पार्टी ने पंजाब में गठबंधन का विकल्प खुला रखा था। टकसाली नेता जल्द ही इस चुनावी रणनीति को लेकर अपनी कमेटी की बैठक करने वाले हैं। जिसके बाद गठबंधन को ऑफिशियली डिकलेयर कर दिया जाएगा।   
 

Suraj Thakur