Alert! लुधियाना CP स्वपन शर्मा के नाम से फेक Facebook ID, ठगों ने भेजी Friend Request
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 10:16 AM (IST)
लुधियाना (राज) : महानगर में सक्रिय साइबर ठगों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस और कानून का जरा भी खौफ नहीं रहा। साइबर अपराधियों ने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा की फोटो और नाम का गलत इस्तेमाल कर फेसबुक पर एक फर्जी आईडी बना ली है। ठग इस जाली आईडी के जरिए पुलिस अधिकारियों, कमिश्नर के जानकारों और आम लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर ठगी की साजिश रच रहे थे। गनीमत यह रही कि लोग ठगों के इस जाल में नहीं फंसे। जैसे ही सीपी स्वपन शर्मा के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आने की बात लोगों के ध्यान में आई, उन्होंने तुरंत इसकी सच्चाई समझ ली। जागरूक लोगों ने सोशल मीडिया पर उक्त फेक आईडी का स्क्रीनशॉट शेयर कर दूसरों को सावधान करना शुरू कर दिया, ताकि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या वित्तीय नुकसान का शिकार न हो सके।
पहले भी कई बड़े अधिकारियों की बन चुकी हैं फेक आई.डी
उल्लेखनीय है कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब किसी बड़े अधिकारी के नाम पर साइबर अपराधियों ने हाथ साफ करने की कोशिश की हो। इससे पहले भी स्वपन शर्मा के नाम से फर्जी आईडी बनाई जा चुकी है। इसके अलावा पूर्व पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू, कौस्तुभ शर्मा और शहर के कई एसीपी जैसे सुमित सूद, गुरदेव सिंह, राजेश शर्मा व अन्य अधिकारियों के नाम से भी जाली प्रोफाइल बनाई जा चुकी हैं। लेकिन, हैरानी की बात यह है कि पुलिस के इतने बड़े अधिकारियों की फेक आईडी बनने के बावजूद साइबर सेल की तरफ से अब तक किसी बड़े गिरोह पर ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली है।
साइबर सेल की लोगों से अपील, रहें सतर्क और सावधान
मामला ध्यान में आने के बाद साइबर सेल के अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी या अन्य किसी नामी शख्सियत की आईडी से अचानक फ्रेंड रिक्वेस्ट आती है या पैसों की मांग की जाती है, तो तुरंत सावधान हो जाएं। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी आईडी पूरी तरह से फेक हो सकती हैं। इसलिए बिना पुष्टि किए किसी से भी बातचीत न करें और न ही किसी को पैसे ट्रांसफर करें।

