चन्नी-वड़िंग विवाद पर कांग्रेस का मंथन आज, दिल्ली में सांसदों की बैठक बुलाई
punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 11:34 AM (IST)
पंजाब डेस्क: पंजाब कांग्रेस के सभी सांसद आज दोपहर 3 बजे नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से मुलाकात करेंगे। इस बैठक को पंजाब कांग्रेस के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि बैठक में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मुद्दों और पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा हो सकती है।
इस बैठक से पहले पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर पार्टी ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। कांग्रेस महासचिव और पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा है कि फिलहाल पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं है और प्रदेश नेतृत्व में बदलाव की कोई संभावना नहीं है।
बघेल का यह बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद सामने आया। उन्होंने साफ किया कि पार्टी फिलहाल मौजूदा नेतृत्व के साथ ही आगे बढ़ेगी। ऐसे में आज होने वाली सांसदों की बैठक पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।

