9 वर्षीय बच्ची से स्कूल में कथित छेड़छाड़, नाबालिग छात्रों पर गंभीर आरोप

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 10:29 AM (IST)

मेहतपुर (मनोज): मेहतपुर-शाहपुर क्षेत्र के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में करीब 9 वर्षीय बच्ची से कथित छेड़छाड़ एवं शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है। बच्ची के परिवार ने स्कूल में पढ़ने वाले कुछ नाबालिग विद्यार्थियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए एस.एस.पी. को शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और इंसाफ की मांग की है। दूसरी ओर थाना मेहतपुर के प्रभारी ने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच-पड़ताल के दौरान ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया, जैसा शिकायतकर्त्ता ने अपनी दरखास्त में बताया है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए बच्ची की मां ने बताया कि उनकी करीब 9 वर्षीय बेटी (काल्पनिक नाम देवी) सरकारी प्राथमिक स्कूल में पढ़ती है। स्कूल में पढ़ने वाले कुछ नाबालिग लड़कों ने उनकी बेटी को कथित तौर पर जबरदस्ती खींचकर, थप्पड़ मारकर और बालों से पकड़कर डराया-धमकाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्ची के साथ अश्लील हरकतें भी की गई।

मां के अनुसार कथित घटना के समय कक्षा का अध्यापक वहां मौजूद नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ बच्चों ने बच्ची को कक्षा में एक अलमारी के पीछे ले जाकर उसके साथ गलत हरकत की तथा किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं परिवार ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और बच्ची की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

बच्ची के व्यवहार में बदलाव का लगाया आरोप : बच्ची की मां ने बताया कि घटना के बाद उनकी बेटी काफी सहमी हुई थी। उनके अनुसार, पिछले करीब 15 दिनों से बच्ची के व्यवहार में बदलाव महसूस किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल से छुट्टी के बाद घर आने पर कई बार बच्ची के कपड़े अस्त-व्यस्त हालत में मिले। इसके बाद परिवार ने स्कूल के अध्यापकों से मामले के संबंध में बातचीत की, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला और मामले को टालने का प्रयास किया गया।

बच्ची की मां ने स्कूल की एक अध्यापिका पर कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने और सैंडल मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया। परिवार का कहना है कि उन्हें मामले में कार्रवाई करवाने से रोकने के लिए दबाव बनाया गया तथा कार्रवाई करवाने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

डी.ई.ओ. आज करेंगे मामले जांच : इस संबंध में डी.ई.ओ. गुरिंदरजीत कौर ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेकर शुक्रवार सुबह प्राथमिकता के आधार पर इसकी जांच करवाई जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News