आरोप: सी.आई.ए. पुलिस ने गुप्त अंगों में लगा दिया करंट

punjabkesari.in Thursday, Aug 23, 2018 - 08:44 PM (IST)

बठिंडा (विजय): हमेशा विवादों में रहने वाली बठिंडा पुलिस पर गुप्त अंगों पर करंट लगाने का एक बार फिर आरोप लगा। यह आरोप राम सिंह पुत्र केला सिंह निवासी लालेआना ने सी.आई.ए. स्टाफ पर लगाया।प्रैस क्लब में मीडिया के समक्ष पीड़ित के परिजनों ने बताया कि 15-16 साल की उम्र में राम सिंह किसान नछत्तर सिंह पुत्र चंद सिंह के पास पशुओं की देखरेख का काम करता था। उसने 4-5 साल काम किया, लेकिन जब उम्र 20 वर्ष की हो गई तो उसने नछत्तर सिंह का साथ छोड़कर गांव के ही किसान बलविंद्र सिंह के खेत में काम करना शुरू कर दिया। अपनी लिखित शिकायत में पीड़ित ने कहा कि अब वह कुछ बड़ा हो गया था और उसे पशुओं का काम शोभा नहीं देता था, इसलिए वह खेतों में काम करने लगा।

किसान नछत्तर सिंह को यह ग्वारा नहीं हुआ और पुलिस के साथ मिलीभगत कर उसके घर में छापेमारी करवाई। उसने बताया कि 6 अगस्त को सुबह 6:30 बजे अचानक सिविल वर्दी में कुछ पुलिस कर्मी उसे घर से उठाकर सी.आई.ए. बठिंडा में ले गए। नछत्तर सिंह भी उनके साथ था और उसने जाति सूचक शब्दों का जमकर प्रयोग किया, कहा कि इसने मेरे घर में चोरी की है इसकी चमड़ी उधेड़ दो। सी.आई.ए. स्टाफ कर्मचारियों ने उसकी खूब पिटाई की यहां तक कि गुप्त अंगों में करंट भी लगाया। पीड़ित ने बताया कि किसान नछत्तर सिंह के पुलिस कर्मचारी का रिश्तेदार है जिन्होंने उसके कहने पर ही कार्रवाई की। सी.आई.ए. स्टाफ ने उसे 2 दिन एक रात अवैध तौर पर रखा और बाद में गांव की पंचायत उसे छुड़ा ले गई। वह चलने फिरने में भी असमर्थ था, घर में जाकर उसे मंजे में डाल दिया, जब वह बाथरूम करने के लिए उठा तो उसका शरीर जवाब देने लगा। परिजनों ने उसे तलवंडी साबो अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसके परिजनों ने कहा कि सी.आई.ए. स्टाफ के जिन कर्मचारियों ने इस घटना को अंजाम दिया, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर पीड़ित को इंसाफ दिया जाए।

पहले भी आ चुका है ऐसा ही मामला
मजदूर सभा प्रांतीय उपाध्यक्ष मक्खन सिंह गुरूसर ने कहा कि मामला गंभीर है। इस पर पुलिस को ध्यान देना चाहिए, जबकि इसकी शिकायत एस.एस.पी. बठिंडा को भी दी जा चुकी है। गौर है कि इससे पहले भी सी.आई. स्टाफ पर एक व्यक्ति को करंट लगाने के आरोप लग चुके हैं और इस मामले में सी.आई. प्रभारी पर मामला भी मजिस्टे्रड के आदेश पर दर्ज हो चुका है। 

पंचायत के साथ आया था और उन्हीं के साथ चला गया
सी.आई. 2 के प्रभारी तरजिंद्र सिंह ने बताया कि गांव में पार्टी बाजी के चलते उन पर बेबुनियाद तथ्यहीन आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नछत्तर सिंह के घर में 10-12 तोले सोना व नकदी की चोरी हुई थी, जबकि राम सिंह उनके पास काम करता था और उसे ही चाबी का पता था, जिसे पूछताछ के लिए बुलाया और छोड़ दिया। राम सिंह ने कहा कि वह 2 महीने पहले काम छोड़ चुका है, चोरी के मामले में कोई जानकारी नहीं होने पर उसे जाने दिया। उन्होंने बताया कि उनके पास पूरी प्रक्रिया की वीडियो भी है जिसमें वह पंचायत के साथ आया और पंचायत के साथ गया। यहां तक कि उसे थप्पड़ तक भी नहीं मारा गया। राम सिंह की पार्टी उससे केवल माफी मंगवाना चाहते थे, न मांगने पर उन्होंने झूठे आरोप लगाने शुरू कर दिए। 
 

Des raj