पंजाब के वास्तविक बिजनेसमैन तो अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल हैं: कैप्टन

punjabkesari.in Saturday, Feb 29, 2020 - 11:30 PM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर (अश्वनी, धवन): मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह ने अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल द्वारा बजट पर कांग्रेस सरकार की गैर-जरूरी आलोचना किए जाने पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि आलोचना के लिए किसी ठोस मुद्दे के अभाव में अकाली नेता पुन: गैर-जरूरी टिप्पणियां करने पर आमादा हैं। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान की टीका-टिप्पणियों पर सी.एम. ने कहा कि वह एक बार फिर पंजाब के लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। सुखबीर बादल द्वारा कै. अमरेन्द्र सिंह को बिजनेसमैन कहे जाने पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली दल के प्रधान को या तो बिजनेसमैन का वास्तविक अर्थ नहीं पता है या फिर वह मीडिया में बने रहने के लिए लोकप्रिय शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बादल परिवार का राज्य में पिछले 10 वर्षों तक केबल, होटल, ट्रांसपोर्ट आदि में बिजनैस दिलचस्पियां किसी से छिपी नहीं हैं। सुखबीर व उनके पारिवारिक सदस्य ही वास्तविक बिजनेसमैन हैं। वे तो ऐसे बिजनेसमैन हैं जो अपने कारोबार के फलों को किसी के साथ भी शेयर नहीं करते। उन्होंने कहा कि अगर सुखबीर ने पंजाब के कल्याण के लिए 10 प्रतिशत भी रुचि दिखाई होती तो पंजाब आज एक मजबूत मोड़ पर खड़ा होता। अकाली नेता ने तो राज्य को लूटने तथा अपना कारोबार चलाने के सिवाय 10 वर्षों तक कुछ भी नहीं किया। उन्होंने सुखबीर तथा हरसिमरत बादल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि दोनों ने उन्हें आदर्श मुख्यमंत्री के अवार्ड की निन्दा की परन्तु वास्तविकता यह है कि बादल सपने में भी ऐसा अवार्ड हासिल करने बारे सोच भी नहीं सकते।

उन्होंने कहा कि सुखबीर को उनकी तरफ ध्यान देने की बजाय अपनी पार्टी व अपने नेताओं पर ध्यान देना चाहिए, जो तिनके की तरह बिखरते जा रहे हैं। सुखबीर के काम करने के ढंग के खिलाफ अकाली दल में बगावत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार को लोकतांत्रिक व पारदर्शी ढंग से चलाया जा रहा है।


 

Mohit