अमित शाह व बादल की बैठक में फैसला, शिअद-भाजपा बनाएंगे समन्वय समिति

punjabkesari.in Thursday, Jun 07, 2018 - 09:21 PM (IST)

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच हर स्तर पर मिलकर कार्य करने के लिए दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं को शामिल करने के लिए एक समन्वय समिति बनाई जाएगी। यह निर्णय आज यहां भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और शिअद सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल समेत वरिष्ठ नेताओं की बैठक में लिया गया। शिअद के यहां जारी बयान के अनुसार बैठक में पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल भी उपस्थित थे। बादल ने बैठक को सकारात्मक और परिणामकारी करार दिया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों में कई प्रदेश और राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई।  

बादल ने कहा कि दोनों पक्षों में पंजाब के किसानों की समस्याओं पर भी बात हुई और दोनों पक्षों ने माना कि खेती की बढ़ती लागत, कृषि उत्पाद के लिए प्रतिकूल बाजार स्थितों के कारण खेती लाभाकारी पेशा नहीं रह गया है और पंजाब जैसे राज्यों में लोग किसानी नहीं छोड़ रहे तो इसका कारण यही है कि उनके पास और कोई चारा नहीं है। पिछले पंद्रह महीनों में पंजाब में किसानों की आत्महत्याओं की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई। 

अकाली-भाजपा गठबंधन को देश में सबसे पुराने और मजबूत गठजोड़ की संज्ञा देते हुए बादल ने कहा कि यह राजनीतिक गठजोड़ से ऊपर उठकर राज्य में शांति और सांप्रदायिक सछ्वावना की भावना का प्रतीक है। शिअद नेताओं ने केंद्र की भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार का गुरू का लंगर को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से मुक्त करने, पंजाब के गन्ना उत्पादकों के लिए 800 करोड़ रुपए देने के निर्णयों को लेकर आभार व्यक्त किया। शिअद के बयान के अनुसार दोनों पक्षों में गुरू नानक का 550वां प्रकाश उत्सव को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर मनाने पर भी सहमति हुई। 

Vaneet