मोगा में आज चुनावी हुंकार भरेंगे Amit Shah, 1 लाख लोगों के लिए लंगर की तैयारी, यहां देखें पूरा Schedule

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 08:48 AM (IST)

चंडीगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पंजाब के मोगा जिले के किल्ली चहलां गांव में बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार गृह मंत्री करीब 75 मिनट के कार्यक्रम के तहत रैली स्थल पर रहेंगे। उनका हेलीकॉप्टर Halwara International Airport पर उतरेगा, जहां से वे हेलिपैड के जरिए किल्ली चहलां  पहुंचेंगे। दोपहर करीब 12:45 बजे रैली स्थल पर पहुंचने के बाद वे सभा को संबोधित करेंगे और फिर दोपहर 2 बजे हलवारा एयरपोर्ट लौट जाएंगे। भाजपा की ओर से रैली के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। आयोजकों के मुताबिक करीब 1 लाख लोगों के लिए लंगर की व्यवस्था की गई है। रैली स्थल पर करीब 80 नेताओं के बैठने के लिए बड़ा मंच तैयार किया गया है, जबकि मीडिया के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विभिन्न इलाकों से समर्थकों को लाने के लिए करीब 30 बसों का इंतजाम किया गया है।

रैली में पंजाब भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। जानकारी के अनुसार पंजाब भाजपा अध्यक्ष Sunil Jakhar गृह मंत्री से पहले सभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री Amarinder Singh, भाजपा नेता Ashwani Sharma और केंद्रीय मंत्री Ravneet Singh Bittu भी मंच साझा कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि गृह मंत्री अपने संबोधन में पंजाब से जुड़े कई अहम मुद्दों को उठा सकते हैं, जिनमें राज्य का नदी जल बंटवारा, Sutlej-Yamuna Link Canal विवाद, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे विषय शामिल हो सकते हैं। साथ ही वे राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार और Arvind Kejriwal की नीतियों पर भी निशाना साध सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह रैली पंजाब की राजनीति में बड़ा संदेश देने की कोशिश है, क्योंकि हाल ही में भगवंत मान और आम आदमी पार्टी ने भी इसी क्षेत्र में बड़ी सभा आयोजित की थी। ऐसे में भाजपा इस रैली के जरिए अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News