अमृतधारी को अगवा कर दी शारीरिक यातनाएं

punjabkesari.in Thursday, Apr 12, 2018 - 12:33 PM (IST)

तरनतारन : नशा बेचने के मामले में गिरफ्तार किए व्यक्ति के भतीजों ने आटा-चक्की चलाने वाले अमृतधारी अमरीक सिंह को अगवा कर मारपीट की।  यहां तक उसकी पगड़ी व कपड़े उतार दिए। रातभर शारीरिक यातनाएं झेलने वाले पीड़ित को एक ग्रामीण ने मुक्त करवाकर सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया।

जानकारी के अनुसार गांव जवंदा निवासी अमरीक सिंह आटा चक्की चलाता है। वह अपने वाहन पर रात 7:30 बजे घर लौट रहा था। रास्ते में ग्रामीण बैंक सेरो के पास गुरभेज सिंह, उसका भाई दोली सिंह, भतीजे अमन और सुक्खा सिंह मिले। उन्होंने उसका अपहरण कर लिया और ट्यूबवेल पर ले गए। वहां पर उसके साथ मारपीट कर पगड़ी उतार दी। उनका आरोप था कि उनके चाचा को नशे के केस में अमरीक सिंह ने फंसाया है। 

आरोपियों ने पिस्टल से अमरीक सिंह के पैरों के समीप तीन गोलियां दागीं और ट्यूबवेल पर लगे लोहे के दरवाजे में करंट छोड़ दिया। थाना सरहाली के प्रभारी कमलमीत सिंह ने बताया कि अमरीक सिंह के बयान पर चारों आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच पुलिस चौकी नौशहरा पन्नूआ के प्रभारी मुखत्यार सिंह को सौंपी गई है। 
 

swetha