अमृतपाल सिंह की तबीयत हुई खराब, सिविल अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 04:25 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): कंचन भाभी हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरो को पेट में दर्द की शिकायत के बाद बुधवार को पुलिस सुरक्षा के बीच सिविल अस्पताल बठिंडा में मेडिकल जांच के लिए लाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी जांच की और अल्ट्रासाउंड करवाने की सलाह दी है।
मिली जानकारी के अनुसार अमृतपाल मेहरो पेट में दर्द की शिकायत कर रहा था। इसके चलते उसके वकील मनप्रीत गढ़ ने माननीय अदालत को पत्र देकर अमृतपाल का सिविल अस्पताल में मेडिकल चेकअप और आवश्यक जांच करवाने की अपील की थी। अदालत द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए जाने के बाद उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाया गया।
वकील मनप्रीत गढ़ ने बताया कि अमृतपाल को पेट में दर्द की शिकायत थी। डॉक्टरों द्वारा की गई प्रारंभिक जांच के दौरान उसकी दोनों किडनियों में पथरी होने की बात सामने आई है। डॉक्टरों ने स्थिति को स्पष्ट करने के लिए अल्ट्रासाउंड करवाने की सलाह दी है। अब अल्ट्रासाउंड और अन्य मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि अमृतपाल मेहरो को आगे के इलाज के लिए अस्पताल में रखा जाता है या मेडिकल जांच के बाद उसे वापस जेल भेजा जाता है।
गौरतलब है कि कंचन भाभी हत्याकांड पिछले काफी समय से चर्चा में है और मामले में अमृतपाल मेहरो सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चल रही है। अदालत की कार्रवाई और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही अब आगे का फैसला होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

