अमृतसर एयरपोर्ट आने वालों के लिए बड़ी खबर, नए आदेश जारी
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 04:51 PM (IST)
अमृतसर (इन्द्रजीत): श्री गुरु राम दास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे में यात्रियों की सुविधा को बढ़ाने और पार्किंग व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से 8 सितंबर से नई पार्किंग प्रबंधन प्रणाली के साथ संशोधित पार्किंग शुल्क लागू कर दिया गया है। यह निर्णय भारतीय एयरपोर्ट अथॉरिटीज, कॉर्पोरेट मुख्यालय, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुसार लिया गया है, जिसका उद्देश्य पार्किंग संचालन में आधुनिकता और जवाबदेही सुनिश्चित करना व हवाई अड्डे पर यातायात की आवाजाही को सुचारू बनाना है। वर्णन योग्य है कि बीते लंबे समय से हवाई अड्डे पर आने वाले यात्रियों अथवा उनके अभिभावकों को पार्किंग स्टैंड के संचालकों की मनमानी का सामना करना पड़ता था। वहीं नए नियम में निर्धारित किए गए रेट पूरी तरह से ग्राहकों के हित में होंगे।
दोपहिया वाहन से लेकर ट्रक/बसों के पार्किंग रेट निर्धारित
नई नीति के तहत पार्किंग शुल्क के मुताबिक दोपहिया वाहन 30 मिनट तक 20, 30 से 60 मिनट तक 30, 60 से 120 मिनट तक 40 और 2 घंटे के बाद 5 रुपए प्रति घंटा चार्ज किए जाएंगे। इसी प्रकार निजी कार 30 मिनट तक 60 रुपए, 30 से 60 मिनट तक 90, 60 से 120 मिनट तक 120, और 2 घंटे के बाद 10 रुपए प्रति घंटा देंगे। वहीं टैम्पो ट्रैवलर / मिनी बस के 30 मिनट तक 180 रुपए , 30 से 60 मिनट तक 270, 60 से 120 मिनट तक 360, और 2 घंटे के बाद रुपए 30 प्रति घंटा चार्ज होंगे। इसी प्रकार बस / कोच / ट्रक 30 मिनट तक 300, 30 से 60 मिनट तक 450, 60 से 120 मिनट तक 600, और 2 घंटे के बाद 50 रुपए प्रति घंटा होंगे।
पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ लेन को लेकर सख्त नियम जारी
इसके साथ ही हवाई अड्डा प्रशासन ने टर्मिनल के सामने स्थित पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ लेन को लेकर सख्त नियम जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह लेन केवल यात्रियों को उतारने और लेने के लिए हैं। इन लेन में वाहन पार्क करना या प्रतीक्षा करना सख्त रूप से प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने या लावारिस वाहन छोड़ने पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा और वाहन को "क्लैंप" कर दिया जाएगा। एयरपोर्ट निर्देशक अनिरुद्ध कुमार शर्मा और एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी हजारी राम, छवि शर्मा ने सभी यात्रियों और आगंतुकों से नई व्यवस्था का पालन करने और हवाई अड्डे के सुचारू संचालन में सहयोग करने की अपील की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

