Amritsar : थार में से मिली व्यक्ति की लाश, इलाके में फैली सनसनी
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 08:36 PM (IST)
अमृतसर (जशन) : थाना छेहर्टा के अतंर्गत आते इलाके में सोमवार सुबह सड़क किनारे खड़ी काले रंग की थार गाड़ी से एक व्यक्ति की लाश बरामद हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी की छानबीन की तो गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर व्यक्ति का शव मिला। इसके बाद पुलिस शव समेत गाड़ी को अस्पताल ले गई। गाड़ी से शराब की खुली बोतल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। मोबाइल फोन बंद था। पता चला है कि थार गाड़ी बीती रात से ही उक्त जगह पर संदिग्ध हालातों में खड़ी थी।
मृतक की पहचान अमृतसर के हलका राजासांसी के गांव झंजोटी के रहने वाले 35 वर्षीय प्रभबीर सिंह पुत्र भपिन्दर सिंह के तौर पर हुई है। विशेष बात यह है कि मृतक का परिवार कोई कानूनी कार्रवाई न करवाने की बात कहकर मीडिया के समक्ष नहीं आ रहा है।
थाना छेहर्टा के एस.एच.ओ. बलविन्दर सिंह ने बताया कि इस संबंधी उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत ही पुलिस टीम मौके पर रवाना कर दी थी। उन्होंने बताया कि नारायणगढ़ इलाके में सड़क किनारे एक संदिग्ध थार खड़ी थी। वहां पर पहले से भीड़ जमा थी।
गाड़ी के शीशे बंद थे और उसकी ड्राइविंग सीट पर सीटबैल्ट लगाए एक व्यक्ति बैठा था। हालांकि, गाड़ी अनलॉक ही थी। ड्राईविंग सीट पर बैठा व्यक्ति मर चुका था। गाड़ी के नंबर से उसके मालिक का पता लगाया गया। इसके बाद उसके परिजनों को घटना के बारे में सूचित किया गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति ने ज्यादा शराब पी रखी थी। वह गाड़ी ड्राइव नहीं कर सका और इसलिए गाड़ी साइड पर लगाकर सो गया होगा। इसके बाद ए.सी. में उसका दम घुट गया होगा। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने कोई भी जांच करवाने से इंकार किया है। इसके उपरांत शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

