अमृतसर : जेल वार्डर ही निकला नशा तस्कर, हवालाती के साथ मिलकर चला रहा था ‘काला धंधा’
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 01:20 PM (IST)
अमृतसर (संजीव): अमृतसर की केंद्रीय जेल में तैनात जेल वार्डर रोबिनप्रीत सिंह को जेल प्रशासन ने गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 79.40 ग्राम अफीम, 41.18 ग्राम काले रंग का नशीला पाउडर, 93.32 ग्राम सफेद रंग का नशीला पाउडर, 14 पीस कूल-लिप , 215 ग्राम तंबाकू, 205 पैकेट नशा स्निफिंग पेपर, एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद हुआ। अतिरिक्त जेल अधीक्षक साहिब सिंह की शिकायत पर थाना इस्लामाबाद की पुलिस ने जेल वार्डर रोबिनप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके बाद हुई जांच में यह बात सामने आई कि जेल वार्डर से बरामद हुआ सामान जेल में बंद हवालाती राहुल कुमार को सौंपा जाना था। पुलिस ने हवालाती राहुल को भी इस मामले में नामजद कर लिया है।
‘पंजाब केसरी’ की खबर का बड़ा असर, जेल प्रशासन की ‘काली भेड़ें’ बेनकाब
‘पंजाब केसरी’ द्वारा केंद्रीय जेल में बंद हवालातियों से लगातार बरामद हो रहे मोबाइल फोन और नशीले पदार्थों के पीछे मौजूद काली भेड़ों (भ्रष्ट कर्मचारियों) को पहचानने और उन्हें पकड़ने के लिए बीते 8 मई और 27 जून को प्रमुखता से मुद्दा उठाया गया था। खबर में यह साफ किया गया था कि सख्त सुरक्षा के बावजूद हवालातियों तक पहुंच रहे मोबाइल फोन और नशीले पदार्थों के पीछे केंद्रीय जेल में तैनात कुछ काली भेड़ें काम कर रही हैं। इसके बाद हुई कार्रवाई के दौरान बीते दिन जेल वार्डर को गिरफ्तार करके जेल प्रशासन के अंदर चल रहे बड़े स्मगलिंग (तस्करी) नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया।
प्रोडक्शन वारंट पर लाकर होगी गहराई से जांच
पुलिस अब जेल वार्डर और हवालाती को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की प्रक्रिया कर रही है, जिसके बाद उन चेहरों का भी खुलासा होगा जो गिरफ्तार जेल वार्डर का साथ दे रहे थे। फिलहाल जेल प्रशासन और पुलिस द्वारा इस मामले की बारीकी और गहराई से समीक्षा की जा रही है ताकि ऐसी देश-विरोधी गतिविधियों को जड़ से खत्म किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

