बच्चे को समझाने पर बवाल! घर पर पथराव, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप
punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 11:12 AM (IST)
अमृतसर (टोडरमल): मामूली विवाद को लेकर पड़ोसियों द्वारा मारपीट, पथराव, गाली गलौज व जान से मारने की धमकियां देने के आरोप लगाते हुए मेघा कुमारी न्यू प्रीत नगर बटाला रोड ने कथित आरोपियों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर से बनती कानूनी कार्यवाही की मांग की है। पीड़िता मेघा कुमारी ने बताया कि उन्होंने थाना मोहकमपुरा में कथित आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है। वह 4 घंटे तक थाने में बैठे रहे मगर उन्हें इंसाफ नहीं मिला।
मेघा ने बताया कि पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब उनकी माता ने गली में जानवरों और कबूतरों पर पत्थर फैंक रहे एक बच्चे को ऐसा न करने के लिए समझाया। इसके बाद बच्चे के परिजन गुस्से में आ गए और उन्होंने गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ देर बाद दूसरे पक्ष का एक युवक, जो कथित रूप से नशे की हालत में था, अपने साथियों के साथ उनके घर के बाहर पहुंच गया। युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनके घर पर कई बार पत्थर फैंके। इस दौरान उनकी माता के कंधे पर चोट लगी, जबकि धक्का-मुक्की, हाथ मरोड़ने और थप्पड़ मारने के भी आरोप लगाए गए। मेघा का कहना है कि उनके पास घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें कथित रूप से युवक गाली-गलौज करता और हंगामा करता दिखाई दे रहा है। उनका दावा है कि वीडियो में वह नशे की हालत में भी नजर आ रहा है।
पीड़ित परिवार के अनुसार उन्होंने इस संबंध में थाना मोहकमपुरा में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन करीब 4 घंटे तक थाने में बैठे रहने के बावजूद पुलिस ने न तो मौके पर पहुंचकर जांच की और न ही उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई की। परिवार का आरोप है कि उल्टा उन पर ही झूठे आरोप लगाने की कोशिश की जा रही है। पीड़िता मेघा कुमारी और उनके परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, घटना की वीडियो को साक्ष्य के रूप में देखा जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
पीड़ित परिवार के पक्ष में आए अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संघर्ष कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हरीश शर्मा ने कहां कि संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। अगर पुलिस ने इन्हें समय रहते इंसाफ न दिलवाया तो संगठन पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने के लिए संघर्ष का रास्ता अपनाएगा। इस अवसर पर मनोज सिंह, कंचन देवी, श्रद्धा यादव, सुमन देवी, रुचि देवी, बबली, सोनी देवी आदि उपस्थित थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

