Amritsar : नाबालिग की हत्या मामले में परिवार ने लगाया धरना, डी.जे. पर नाचते समय हुआ था विवाद

punjabkesari.in Monday, Jan 22, 2024 - 10:37 PM (IST)

तरनतारन : बीते दिनों गांव आसल उताड़ में सगाई समारोह के दौरान एक नाबालिग की गोली मार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। तब थाना वल्टोहा की पुलिस ने 2 आरोपियों को नामजद कर केस दर्ज कर लिया था। सोमवार की शाम मृतक के परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से थाना वल्टोहा के समक्ष धरना दिया। इन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस द्वारा गिरफ्तारी का विश्वास दिलाने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार 19 जनवरी को गांव आसल उताड़ में आकाशदीप सिंह नामक व्यक्ति के घर सगाई समारोह चल रहा था। डी.जे. पर नाचते समय छूटे पैसों को लेकर युवकों का आपसी विवाद हो गया था। यह विवाद इतना बढ़ा कि गोली लगने के कारण 15 वर्षीय नाबालिग सुरजीत सिंह पुत्र अंग्रेज सिंह निवासी अलगो कलां की मौत हो गई। आकाशदीप सिंह व गुरप्रीत सिंह ने गोली मार कर नाबालिग को मौत के घाट उतार दिया था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। उसी रात थाना वल्टोहा की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त दोनों आरोपियों को नामजद कर केस दर्ज कर लिया था, परंतु आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसके रोष में सोमवार की शाम सुरजीत सिंह के परिजनों ने थाने का घेराव करते हुए धरना दिया। उपरांत पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

उधर, थाना वल्टोहा की प्रभारी सब इंस्पैक्टर सुनीता रानी ने कहा कि इस हत्या मामले में पुलिस द्वारा विभिन्न टीमों का गठन कर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। मामले की सख्त कार्रवाई करने का पीड़ित परिवार को विश्वास दिलाया गया है।

Content Editor

Subhash Kapoor