अमृतसर हादसे के आरोपियों को बचाने में लगी कैप्टन सरकार : श्वेत मलिक

punjabkesari.in Sunday, Oct 28, 2018 - 11:03 AM (IST)

अमृतसर (महेन्द्र, ममता): दशहरा पर्व वाले दिन 19 अक्तूबर को स्थानीय जौड़ा फाटक क्षेत्र में हुए बड़े दु:खद रेल हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शान्ति के लिए रखे गए श्री गुरु ग्रंथ साहिब पाठ व भोग के  दौरान भी शनिवार को राजनीतिक बाण चलते रहे।

भाजपा सांसद एवं प्रदेशाध्यक्ष श्वेत मलिक ने कहा कि दशहरा कमेटी ईस्ट के आयोजकों की अनदेखी व कांग्रेसी नेताओं द्वारा सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का खमियाजा जहां निर्दोष जनता को रेल हादसे में अपनी जान देकर चुकाना पड़ा है, वहीं कैप्टन सरकार न सिर्फ दोषियों का बचाव कर रही है, बल्कि अपने दायित्व से भी भाग रही है।   इस मौके पर शिअद (ब) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल, केन्द्रीय मंत्री हरसिमरनजीत कौर बादल, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ, निर्मल सिंह काहलों, जागीर कौर, पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजिन्द्र मोहन सिंह छीना, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद शर्मा, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश हनी आदि उपस्थित थे। 

जिम्मेदारी से काम लिया होता तो यह दुखांत न घटा होता : मजीठिया
पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने कांग्रेस प्रधान राहुल गांधी को सवाल किया कि गरीबों की आवाज 10 जनपथ तक नहीं पहुंची तो क्या वे लोग न्याय के हकदार नहीं हैं? उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से 5-5 लाख रुपए देकर पीड़ितों का मुंह बंद करने की कोशिश नहीं हो रही? उन्होंने कहा कि सिद्धू जोड़ी, मिट्ठू मदान और सरकार की तरफ से जिम्मेदारी से काम लिया गया होता तो यह दुखांत न घटा होता।

पीड़ितों को इंसाफ न मिला तो उच्च अदालतों तक जाएंगे : सुखबीर
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि रेल हादसे के पीड़ितों को इंसाफ न मिला तो उच्च अदालतों तक पहुंचा जाएगा। उन्होंने कैप्टन सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि यहां पीड़ित बड़े दुखांत में गुजर रहे हैं और मुख्यमंत्री विदेशी दौरों में मशरूफ हैं। उन्होंने अफसोस प्रकट करते कहा कि नवजोत सिद्धू और सुनील जाखड़ जैसे लोग सरेआम मखौल कर पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं।

swetha