तंदूर की तरह तपी गुरु नगरी, सुनसान हुई सड़कें, तापमान 44 डिग्री के पार होने के आसार
punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 11:31 AM (IST)
अमृतसर (रमन) : गुरु नगरी में एक बार फिर गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले कुछ दिनों से सूर्य की तपिश में आई मामूली कमी के बाद आज तापमान फिर से 40 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान दोबारा 44 डिग्री सैल्सियस के पार जा सकता है। दोपहर के समय हालात ऐसे रहे कि शहर की सड़कें तंदूर की तरह तपती नजर आईं और तेज धूप के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
गर्मी का असर घरों के अंदर भी साफ महसूस किया गया। लगातार बढ़ते तापमान के कारण एयर कंडीशनर भी पूरी तरह राहत देने में असमर्थ नजर आए। मौजूदा स्थिति यह है कि 40 डिग्री या उससे अधिक तापमान लोगों को घरों के भीतर रहने के लिए मजबूर कर रहा है। गर्मी के कारण खेल मैदान सूने दिखाई दे रहे हैं और गलियों में भी पहले जैसी रौनक नहीं रही। युवा अब अपना अधिकांश समय वातानुकूलित कमरों, शॉपिंग मॉल, कैफे या फिर मोबाइल और लैपटॉप की स्क्रीन के सामने बिता रहे हैं। गर्मी ने न केवल लोगों की रोजाना की जीवनशैली को प्रभावित किया है बल्कि सामाजिक और शारीरिक गतिविधियों पर भी गहरा असर डाला है।
बिजली की खपत बढ़ी
भीषण गर्मी के साथ-साथ बिजली की खपत भी रिकॉर्ड स्तर की ओर बढ़ रही है। तापमान में बढ़ौतरी के कारण लोगों की निर्भरता एयर कंडीशनर और कूलरों पर काफी बढ़ गई है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत न मिलने के कारण इनका लगातार उपयोग हो रहा है, जिसका सीधा असर बिजली की खपत और घरेलू बिजली बिलों पर पड़ रहा है। कई परिवारों को इस महीने सामान्य दिनों की तुलना में अधिक बिजली खर्च का सामना करना पड़ सकता है।
ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों पर बढ़ा ओवरलोडिंग का खतरा
बिजली की मांग में अचानक हुई बढ़ौतरी ने बिजली सप्लाई व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ा दिया है। भीषण गर्मी के कारण कुछ इलाकों में ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों पर ओवरलोडिंग का खतरा भी बढ़ रहा है। ऐसे हालात में निर्बाध बिजली सप्लाई बनाए रखना पावरकॉम के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

