अनाज मंडी फिर हुई लहूलुहान: तकरार में गुस्साए मामा ने भांजे पर चला दी गोली

punjabkesari.in Monday, Apr 16, 2018 - 09:12 PM (IST)

होशियारपुर(अमरेन्द्र): फगवाड़ा मार्ग पर स्थित दाना मंडी सोमवार 4 बजे के करीब एक बार फिर से लहूलुहान हो उठी जब आपसी रंजिश को लेकर हुए विवाद के बाद कथित तौर पर मामे ने भांजे पर 1 नहीं 4 गोलियां चला दीं। गंभीर हालत में भांजे सुखविन्द्र सिंह (27) पुत्र जोगेन्द्र सिंह निवासी गौचर जिला रूपनगर को तुरंत सिविल अस्पताल लाया गया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसको एक निजी अस्पताल में रैफर कर दिया गया। घटना का पता लगते ही एस.एस.पी. जे. इलनचेलियन, डी.एस.पी. सिटी सुखविंद्र सिंह, थाना मॉडल टाऊन के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर नरिन्दर कुमार तथा पुलिस पार्टी मौके पर पहुंच गई तथा घटना की जांच शुरू कर दी। 

 

क्या है मामला 
जानकारी के अनुसार परमजीत सिंह उर्फ पम्मा निवासी पंडोरी बीबी स्थानीय अनाज मंडी में पार्किंग की ठेकेदारी करता है व उसका भांजा सुखविंदर सिंह (27) पुत्र जोगिन्दर सिंह निवासी गोचर जिला रोपड़ भी उसके साथ पहले काम करता था। सूत्रों अनुसार पिछले कुछ समय से सुखविंदर सिंह कोटफतूही में एक शराब के ठेकेदार के पास काम करने लगा लेकिन उसकी इच्छा थी कि वह भी मामा के साथ अनाज मंडी में ठेकेदारी का काम करे। बताया जाता है कि आज बाद दोपहर सुखविंदर सिंह अनाज मंड़ी आया तो इसी बात को लेकर मामा के साथ बहस होने लगी। बहसबाजी के दौरान जब मामला तूल पकड़ लिया तो गुस्से में आए मामा परमजीत सिंह कथित तौर पर अपने भांजे सुखविंदर सिंह पर अपने लाईसैंसी रिवॉल्वर से गोलियां चलानी शुरू कर दी। 2 गोलियां उसके जांघों पर, 1 गोली कोहनी को आर-पार कर गई वहीं चौथी गोली 1 पेट की एक साईड पर लगी। पुलिस अनुसार घटना के बाद आरोपी परमजीत सिंह उर्फ पम्मा मौके से फरार हो गया। 

 

क्या कहते हैं एस.एस.पी. 
जब इस संबंध में एस.एस.पी.जे.इलनचेलियन से पूछा तो उन्होंने बताया कि गोली चलाने वाले व घायल आपस में मामा-भांजा है। दोनों के बीच काफी समय से किसी बात को लेकर आपस में रंजिश चल रही थी। आरोपी मामा परमिन्दर सिंह पम्मा फिळहाल मौके से फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाएगी। घायल सुखविन्दर सिंह अभी बयान देने के काबिल नहीं है। थाना मॉडल टाऊन पुलिस फरार चल रहे आरोपी परमिन्द्र सिंह पम्मा के खिलाफ केस दर्ज करने जा रही है। 
 

Punjab Kesari