पंजाब भाजपा को एक और झटका, कैप्टन के इस करीबी ने भी छोड़ी पार्टी

punjabkesari.in Tuesday, Oct 17, 2023 - 10:17 PM (IST)

जालंधर : पंजाब भाजपा से हाल ही में 8 नेता छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। इस सदमें से पार्टी अभी उभरी भी नहीं थी कि उसे एक और झटका लगने जा रहा है। खबर मिली है कि पूर्व डिप्टी स्पीकर अजैब सिंह भट्टी ने भाजपा छोड़ दी है तथा जल्द ही कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं। अजैब सिंह भट्टी के कांग्रेस में शामिल होने के संबंध में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राजा वडिंग ने सोशल मीडिया पर एक फोटो डाली है, जिसमें अजैब सिंह भट्टी के कांग्रेस में जल्द शामिल होने की बात कही गई है।

गौरतलब है कि भट्टी कैप्टन अमरेंद्र सिंह के काफी करीबी माने जाते हैं तथा सितम्बर 2022 में जब कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने भाजपा का दामन थामा था, उस समय भट्टी भी उनके साथ ही भाजपा में शामिल हुए थे। राजा वडिंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लिखा है कि पूर्व डिप्टी स्पीकर भट्टी की बेटी जीवनजोत कौर और सेवानिवृत एस.पी. राजिंद्र सिंह ने पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु तथा पार्टी के महासचिव संदीप संधू की उपस्थिति में यह जानकारी दी है कि उनके पिता ने भाजपा छोड़ दी है। राजा वडिंग ने एक फोटो भी सांझा की है, जिसमें उनके साथ पूर्व एस.एस.पी. राजिंद्र सिंह दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने यह बात साफ की कि जल्द ही रस्मी तौर पर भट्टी को कांग्रेस में शामिल किया जाएगा। 

Content Writer

Subhash Kapoor