केजरीवाल को राजनीति से ले लेना चाहिए संन्यास : सुच्चा सिंह छोटेपुर

punjabkesari.in Monday, Apr 09, 2018 - 09:18 AM (IST)

नवांशहर (मनोरंजन): अपना पंजाब पार्टी के राज्य प्रधान सुच्चा सिंह छोटेपुर ने पंजाब में 2 डी.जी.पी. की लडा़ई के मसले को कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की कमजोर राज व्यवस्था बताया। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच किसी सिटिंग जज से होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। सुच्चा सिंह छोटेपुर रविवार को नवांशहर में पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे।
 

केजरीवाल की करनी व कथनी में बहुत अंतर
उन्होंने कहा कि पंजाब में आज लोग अपने आपको ठगा-सा महसूस कर रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस के एक साल के कार्यकाल और अकाली दल के 10 साल जनता के लिए एक जैसे ही लग रहे हैं। सुच्चा सिंह छोटेपुर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा अलग-अलग राजनेताओं से माफी मांगने के मसले पर उन्हें राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे उन्होंने अपनी पार्टी को पूरी तरह खत्म कर दिया है। पहले अरविंद केजरीवाल ‘पंजाब बचाओ’ का नारा दे रहे थे, अब ‘हरियाणा बचाओ’ का नारा दे रहे हैं। इसलिए हरियाणा व दिल्ली के लोगों को उनकी इन बातों से दूर रहना चाहिए क्योंकि उनकी करनी व कथनी में बहुत अंतर है।
 

पार्टी कार्यकत्र्ताओं से किया विचार-विमर्श
आने वाले 2019 के लोकसभा चुनावों में पंजाब में हमख्याली पार्टियों से गठजोड़ करके तीसरे पक्ष को स्थापित किया जाएगा। इसी के तहत वह पूरे पंजाब में ऐसे लोगों से संपर्क कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने नवांशहर में पार्टी के नेता मेजर जरनैल सिंह व अश्विनी कुमार जोशी के साथ पार्टी कार्यकत्र्ताओं से विचार-विमर्श किया। मौके पर त्रिलोचन सिंह लाली, जसवीर सिंह धालीवाल, प्रो. नानक सिंह, वरिंद्र सिंह परिहार, डा. कुलवंत सिंह, चरनजीत सिंह, दर्शन सिंह मोहाली, के.के. शर्मा सभी राज्य कमेटी सदस्य के अलावा जिला प्रधान प्रवेश खोसला, महिला विंग की प्रधान बीबी परमिंद्र सिंह आदि हाजिर रहे। 

Punjab Kesari