कहीं आप भी तो नहीं खरीद रहे नकली Surf Excel? पुलिस ने किया भंड़ाफोड़
punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 08:50 AM (IST)
गुरदासपुर, (हरजिंदर सिंह गोराया): अगर आप भी Surf Excel खरीदते हैं तो जरा सावधान हो जाएं। दरअसल, दीनानगर पुलिस ने एक प्रसिद्ध ब्रांड के नाम की कथित नकल कर नकली सर्फ बेचने के मामले में एक व्यापारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 350 पैकेट नकली सर्फ एक्सेल और 150 खाली पैकेट बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला एक कंपनी के फील्ड ऑफिसर मोहित शर्मा की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दीनानगर के साहोवाल छोटा निवासी शुभम कुमार कथित तौर पर उनकी कंपनी के नाम और सर्फ एक्सेल ब्रांड की नकल कर नकली सर्फ तैयार कर बेच रहा था। शिकायत मिलने के बाद जांच अधिकारी ASI राजिंदर कुमार ने पुलिस टीम के साथ अजीत नगर, दीनानगर स्थित संबंधित ट्रेडर की दुकान पर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान दुकान से 350 पैकेट नकली सर्फ एक्सेल और 150 खाली पैकेट बरामद हुए, जिन पर सर्फ एक्सेल लिखा हुआ था। पुलिस ने शुभम कुमार के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63 और 65 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच ASI राजिंदर कुमार द्वारा की जा रही है।

