सेना ने पुराने रॉकेट लॉन्चर जैसे बम को डिफ्यूज किया, 5 घंटे चला ऑपरेशन
punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 05:25 PM (IST)
बमियाल (हरजिंदर सिंह गोराया): बॉर्डर एरिया से करीब 10 किलोमीटर दूर गांव आबादी चंडीगढ़-जसमां में खेत से करीब तीन महीने पहले मिले पुराने रॉकेट लॉन्चर जैसे बम को सेना की बम डिस्पोजल टीम ने रविवार को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया। इस दौरान बम डिस्पोजल ऑपरेशन करीब पांच घंटे तक चला। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस द्वारा करीब दो किलोमीटर का इलाका सील कर दिया और लोगों की आवाजाही रोक दी। मौके पर किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी और हेल्थ सुविधाओं से लैस एक एम्बुलेंस भी तैनात की गई थी।
तारागढ़ पुलिस थाने के मुखी कुलदीप राज ने बताया कि खेत से करीब तीन महीने पहले मिले पुराने बम को सेना ने सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए आसपास के इलाके में लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी।

जानकारी के मुताबिक 5 जुलाई को पूर्व सरपंच बलदेव सिंह के खेत में खुदाई का काम चल रहा था। इस दौरान एक प्रवासी मजदूर को जमीन में धंसी एक लोहे की चीज दिखी। करीब चार फीट खुदाई करने के बाद भी जब यह चीज बाहर नहीं आई, तो मजदूर ने तुरंत खेत मालिक को बताया क्योंकि यह आकार में रॉकेट लॉन्चर जैसी थी।
बलदेव सिंह ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद आर्मी की एक टीम मौके पर पहुंची और चीज को अपने कब्जे में ले लिया। रविवार को इसे सुरक्षित जगह पर ले जाकर आर्मी की बम डिस्पोजल टीम ने जरूरी सुरक्षा इंतजामों के तहत डिफ्यूज कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने इलाके में आवाजाही फिर बहाल कर दी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

