Punjab: सेना में भर्ती कराने के नाम पर 1.19 करोड़ की ठगी, 2 नामजद
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 05:14 PM (IST)
तरनतारन (रमन) : सेना में भर्ती कराने के नाम पर 1 करोड़ 19 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच के बाद थाना झब्बाल पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव भुच्चर कलां निवासी मंगल सिंह पुत्र दीशा सिंह ने जिला पुलिस प्रमुख को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि सेना में भर्ती कराने के नाम पर उसके साथ एक करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी की गई है।
एसएसपी ने शिकायत की जांच डीएसपी स्पैशल प्रवेश चोपड़ा को सौंपी थी। डीएसपी की ओर से मामले की विस्तृत जांच के बाद रिपोर्ट तैयार कर आगामी कार्रवाई के लिए एसएसपी को भेजी गई। पुलिस जांच में शिकायतकर्ता के साथ एक करोड़ 19 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद कार्रवाई की गई।
एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर मंगल सिंह के बयानों पर थाना झब्बाल में दर्शना भारद्वाज पत्नी संजय कुमार निवासी सोनीतपुर, हाल निवासी बेंगलुरु तथा नूर इस्लाम पुत्र एनल हक निवासी करसी क्रॉस, इब्राहिम साहिब स्ट्रीट, गोविंदपुरा बेंगलुरु के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

