5 करोड़ की हैरोइन सहित 2 युवक गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, May 29, 2018 - 09:19 PM (IST)

लुधियाना(अनिल): दिल्ली के एक नाइजीरियन से सस्ते भाव हैरोइन लाकर महानगर में अपने ग्राहकों को महंगे रेट पर सप्लाई करने वाले इनोवा सवार 2 युवकों को एस.टी.एफ. ने 5 करोड़ की हैरोइन सहित गिरफ्तार किया। 

पत्रकारों को जानकारी देते हुए एस.टी.एफ. लुधियाना-फिरोजपुर रेंज के इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि बीती रात टीम थाना मोती नगर के अधीन आते मल्होत्रा चौक में मौजूद थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर सामने से आ रही इनोवा गाड़ी को रोका गया, जिसमें 2 युवक सवार थे। जब टीम ने गाड़ी की तलाशी लेनी चाही तो युवकों ने यह कहते हुए इंकार कर दिया कि वे सीनियर अधिकारी की मौजूदगी में ही तलाशी देंगे। 

इसके बाद एस.टी.एफ. खन्ना के एस.पी. राजेश कुमार को बुलाया गया, जिनकी मौजूदगी में इनोवा की तलाशी ली गई तो उसकी पिछली सीट के नीचे से 1 किलो हैरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 5 करोड़ रुपए कीमत आंकी जा रही है। पुलिस टीम ने तुरंत दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान कपिल देव (35) पुत्र सुदेश कुमार निवासी शहीद भगत सिंह नगर और हरदीप कुमार दीपक (35) पुत्र निर्मल दास निवासी इंदिरापुरी लुधियाना के रूप में हुई है। थाना मोती नगर में दोनों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट अधीन केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 

दिल्ली से नाइजीरियन से लाए खेप 
इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों नशा तस्कर हैरोइन की उक्त खेप दिल्ली से एक नाइजीरियन से सस्ते दाम पर खरीदकर लाए हैं, जिसे महानगर में परचून में महंगे भाव में ग्राहकों को सप्लाई किया जाना था। 

नशे की पूॢत के लिए बने तस्कर 
अधिकारी ने बताया कि दोनों युवक पिछले लंबे समय से नशे के आदी भी हैं। शुरू में तो वे नशे का सेवन करते थे परंतु बाद में नशे की पूॢत के लिए खुद ही नशा बेचने लगे। 

एक पहले ही हैरोइन के मामले में था नामजद 
इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले एस.टी.एफ. ने 2 किलो हैरोइन के साथ शमशेर सिंह को गिरफ्तार करके बस्ती जोधेवाल में मामला दर्ज किया था। इस मामले में शमशेर सिंह ने बताया था कि वह हैरोइन की खेप हरदीप कुमार दीपक की थी, जिसको वह ट्रेन में लेकर आया था। इसी मामले में पुलिस ने हरदीप कुमार को नामजद किया था परंतु हरदीप पुलिस को चकमा देकर बचता रहा। उन्होंने बताया कि बीती रात उक्त नशा तस्कर को नशे की खेप सहित गिरफ्तार कर लिया गया। 
 

दोनों पर हैं आधा दर्जन मामले दर्ज 
अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए नशा तस्करों के खिलाफ पहले ही करीब आधा दर्जन नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं, जिनमें जमानत पर बाहर आए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों को अदालत में पेश करके रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। 


 

Vaneet