फिरोजपुर काऊंटर इंटैलीजैंस ने नौकरियां दिलवाने का झांसा देकर अढ़ाई करोड़ ठगने वाले को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Aug 27, 2018 - 05:09 PM (IST)

फिरोजपुर (कुमार,मनदीप): काऊंटर इंटैलीजैंस फिरोजुर की पुलिस ने ए.आई.जी नरिन्द्रपाल सिंह सिद्धू के नेतृत्व में एक कथित ठग पिंद्र उर्फ गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी गांव महिलपुर हवेली को गिरफ्तार किया है।

डोगर की बेटी को सब इंस्पैक्टर लगवाने के लिए लिए थे 25 लाख
जिससे पुलिस, इनकम टैक्स व अन्य विभागों के जाली कार्ड मिले हैं। यह जानकारी देते हुए आयोजित पत्रकार सम्मेलन में नरिन्द्रपाल सिंह सिद्धू ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के समक्ष माना है कि वह अब तक अलग-अलग विभागों में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर करीब अढ़ाई करोड़ रुपए ले चुका है। उन्होंने बताया कि काऊंटर इंटैलीजैंस ने पिंद्र उर्फ गोपी को टाटा नैक्सन कार पर जाते गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पकड़े गए पिंद्र उर्फ गोपी ने पुलिस के समक्ष माना है कि दयाल सिंह पुत्र डोगर सिंह वासी अरनीवाला की बेटी को इंकम टैक्स विभाग में बतौर सब इंस्पैक्टर भर्ती करवाने का झांसा देकर उससे 25 लाख, गांव मोहम्मद पीरां जिला फाजिल्का के रच्छपाल सिंह को गांव के सरकारी सीनियर सेकंडरी स्कूल में खाली पड़ी मंजूरशुदा सीट पर पक्का करवाने का झांसा देकर उससे कथित रुप में डेढ़ लाख रुपए लिए थे। 

इनसे भी की गई वसूली
उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति ने रशबीर सिंह पुत्र कुलवंत सिंह वासी गांव भखड़ी खुर्द को पंजाब पुलिस में बतौर सब इंस्पैक्टर भर्ती करवाने का झांसा देकर कथित रुप में 20 लाख रुपए और जगवीर सिंह पुत्र दलजीत सिंह निवासी गांव मेहलो को पंजाब पुसिल में इंस्पैक्टर भर्ती करवाने के लिए उससे 35 लाख रुपए लिये हैं। नरिन्द्रपाल सिंह सिद्धू ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने प्राथमिक पूछताछ के दौरान माना है कि उसके गुरदीप सिंह पुत्र परमजीत सिंह वासी गांव लक्खोवाल को इंकम टैक्स विभाग में इंस्पैक्टर भर्ती करवाने के लिए उससे 35 लाख रुपए, हकरण सिंह वासी गांव रडियाला को पंजाब पुलिस में कांस्टेबल भर्ती करवाने के लिए उससे 13 लाख, हरबंस सिंह को कांस्टेबल भर्ती करवाने के लिए, गगनदीप सिंह और बलविन्द्र सिंह को पुलिस में भर्ती करवाने के लिए 13-13 लाख रुपए लिए थे और उसने बलदेव सिंह पुत्र बहादुर सिंह को पंजाब पुलिस में बतौर कांस्टेबल भर्ती करवाने के लिए 9 लाख 20 हजार, सुखदेव सिंह पुत्र हाकम सिंह की लड़की को इनकम टैक्स में इंस्पैक्टर भर्ती करवाने के लिए 28 लाख रुपए, सुखजिंद्र सिंह पुत्र मक्खन सिंह को पंजाब पुलिस में कांस्टेबल भर्ती करवाने के लिए 13 लाख रुपए और गुरदीप सिंह पुत्र गुरसेवक सिंह को पंजाब पुलिस में कांस्टेबल भर्ती करवाने के 13 लाख रुपए कथित रुप में लिये थे। 


 

Des raj