PM मोदी के 12 साल पूरे होने पर मां काली के दरबार पहुंचे अश्वनी शर्मा, जनता को दिया बड़ा संदेश

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 06:50 PM (IST)

पठानकोट : केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष गौरवशाली ढंग से पूर्ण होने के अवसर पर आज पठानकोट के विख्यात श्री काली माता मंदिर में एक विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता व पठानकोट से विधायकअश्वनी शर्मा ने मुख्य रूप से सम्मिलित होकर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया और विधिवत पूजा-अर्चना की।

पूजा के पश्चात पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बताया कि उन्होंने आज माँ काली के चरणों में शीश नवाकर भारत की एकता, अखंडता और सुरक्षा के साथ-साथ सभी देशवासियों की खुशहाली और निरंतर उन्नति की कामना की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त एवं दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही भारत आज बुनियादी ढांचे, डिजिटल क्रांति, गरीब कल्याण और अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी एक नई और शक्तिशाली पहचान बनाने में सफल रहा है।

शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि उनका राष्ट्र निर्माण के प्रति अटूट समर्पण हर भारतीय के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने उल्लेख किया कि सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के साथ-साथ लगातार तीसरी बार सत्ता संभालना उनके कठिन परिश्रम और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।

उन्होंने आगे कहा कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मूल मंत्र ने देश को प्रगति की नई दिशा दी है। अश्वनी शर्मा ने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के बड़े लक्ष्य को हासिल करने हेतु भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता और आम नागरिक पूरी निष्ठा के साथ योगदान दे रहा है। इस सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News