ASI ने सर्विस पिस्टल से की आ''त्मह''त्या, पुलिस महकमे में हड़कंप
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 11:31 AM (IST)
तरनतारन : पंजाब के तरनतारन जिले से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। गांव कैरो स्थित पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई ने अपने सरकारी क्वार्टर में सर्विस पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एएसआई गुरुवार रात नाकाबंदी की ड्यूटी खत्म करने के बाद क्वार्टर में लौटे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे के बाद अचानक गोली चलने की आवाज आई। साथी पुलिसकर्मियों ने कमरे में जाकर देखा तो एएसआई खून से लथपथ हालत में पड़े थे, जबकि पास ही उनकी सरकारी पिस्टल मिली।
मृतक एएसआई की पहचान अमृतसर निवासी अमरजीत सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले चार महीनों से कैरो पुलिस चौकी के प्रभारी थे। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि वे स्टाफ की भारी कमी, बढ़ते काम के दबाव और लंबे समय से तबादला न होने को लेकर मानसिक तनाव में चल रहे थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी रविशेर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में पुलिस विभाग के भीतर इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ समय पहले पट्टी अदालत परिसर में तैनात एक अन्य एएसआई की आत्महत्या का मामला भी सामने आया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने पुलिसकर्मियों के मानसिक दबाव और कार्य परिस्थितियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

