कपूरथला में ASI निकला कोरोना पॉजीटिव

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2020 - 08:46 PM (IST)

कपूरथला (महाजन): कोरोना वायरस ने घर-घर दस्तक देना शुरु कर दिया है। इसके बावजूद भी लोग इसे गंभीरता से नहीं ले रहे, बल्कि इस बीमारी को एक मजाक समझ कर बेखौफ इधर-उधर घूम रहे है। यहां तक की कई लोग बिना किसी जरूरी कारण के एक जिले से दूसरे जिलों में बेधड़क आ-जा रहे है। हर दिन जिले में मिल रहे कोरोना पॉजीटिव मामले चिंता का विषय बनते जा रहे है। इस महामारी से तो अब जिलावासियों की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस कर्मचारी भी सुरक्षित नहीं है। गत दिनों एस.डी.एम. फगवाड़ा के पॉजीटिव आने से जहां प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों में खौफ बढ़ गया है, वहीं वीरवार को थाना सिटी कपूरथला पुलिस के एक पुलिस अधिकारी के कोरोना पॉजीटिव आने के बाद पुलिस प्रशासन के साथ संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। शहर में 5 कोरोना पॉजीटिव मामले सामने आने से शहर वासियों में दहशत फैल गई है। थाना सिटी कपूरथला में तैनात एक ए.एस.आई. व शहर के रैड क्रास मार्केट स्थित कोरियर सर्विस के मालिक का कोरोना पॉजीव आने से हड़कंप मच गया है।

शहर में नए कोरोना पॉजीटिव आए 5 मामलों में 52 वर्षीय पुरुष कपूरथला, 7 वर्षीय लड़की अर्बन स्टेट, 31 वर्षीय महिला अर्बन स्टेट कपूरथला, 50 वर्षीय पुरुष कपूरथला व 1 बैंक अधिकारी शामिल है। इन नए मामलों में थाना सिटी कपूरथला के साथ संबंधित अधिकारी के पॉजीटिव आने से पुलिस विभाग में भगदड़ मच गई और पूरे थाने को सैनिटाइज करवाया गया। वहीं डी.एस.पी.(सब डिवीजन) सुरिन्दर सिंह का कहना है कि ए.एस.आई. के पाजिटिव आने के बाद थाने के सभी कर्मचारियों को शुक्रवार को टैस्ट करवाया जाएगा। फिलहाल थाना सिटी में लोगों के आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई है और थाना सिटी के बाहर ही लोगों की शिकायतें सुनी जा रही है। वहीं कोरियर सर्विस व पुलिस अधिकारी के पाजिटिव आने के बाद शहर में कोरोना संक्रमितों के मामले बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है, क्यों कि दोनों की जगहों में लोगों के साथ डीलिंग होती है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन दोनों पॉजीटिव मामलों के संपर्क सूत्रों की सूची तैयार की जा रही है और जल्द से जल्द सैंपलिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि अन्य तीन पाजिटिव मामले पहले पाजिटिव आए पंजाब ग्रामीण बैंक कर्मचारियों के संपर्क में थे।

जिला प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों के नैगेटिव आने से मिली राहत
एक ओर बुधवार को 5 मामले आने से शहर वासियों में चिंता बढ़ गई, वहीं दूसरी ओर फगवाड़ा के एस.डी.एम. के पॉजीटिव आने के बाद जिला प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों में जो डर व दहशत पाई जा रही थी, वहीं डी.सी. दीप्ति उप्पल, ए.डी.सी.(डी)एस.पी. आंगरा, सहायक कमिश्नर(शिकायतें) डा. शिखा भगत, एस.डी.एम. कपूरथला वरिन्दर पाल सिंह बाजवा, एस.डी.एम. सुल्तानपुर लोधी डा. चारुमिता व अन्य जिला प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों के नैगेटिव आने के साथ डर व दहशत खत्म हो गई है और यह शहर वासियों के लिए राहत भरी खबर साबित हुई। जिला ऐपीडीमोलोजिस्ट डा. राजीव भगत ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें पुलिस विभाग के कोरोना पॉजीटिव आए कोरियर सर्विस के मालिक के संपर्क सूत्रों की सूची बना रही है और शुक्रवार को इनकी सैंपलिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि वीरवार को जिले में 294 लोगों की सैंपलिंग की गई, जिनमें से कपूरथला से 125, टिब्बा से 36, भुलत्थ से 25, फत्तूढींगा से 12, सुल्तानपुर लोधी से 13, बेगोवाल से 15, काला संघिया से 20, फगवाड़ा से 35, पांछटा से 35 व्यक्तियों की सैंपलिंग की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Mohit

Recommended News

Related News