एन.ओ.सी. देने के बदले 15 हजार की रिश्वत लेता सहायक इंजीनियर गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Dec 21, 2018 - 08:24 AM (IST)

कपूरथला(भूषण): विजीलैंस टीम ने पंचायत चुनाव लडऩे के लिए एन.ओ.सी. देने के बदले 15 हजार रुपए रिश्वत लेने के मामले में कार्रवाई करते हुए बी.डी.पी.ओ. कार्यालय ढिलवां में तैनात एक सहायक इंजीनियर को रिश्वत राशि सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना विजीलैंस ब्यूरो जालंधर में मामला दर्ज किया गया है।

कुलविंद्र सिंह निवासी गांव प्रेम नगर लखन के पड्डे थाना सुभानपुर ने एस.एस.पी. विजीलैंस ब्यूरो दिलजिंद्र सिंह ढिल्लों को बताया कि वह वर्ष 2013 से लेकर 2018 तक गांव प्रेमनजर (लक्खन के पड्डे) का सरपंच रहा है तथा उसे पंच का चुनाव लडऩे के लिए बी.डी.पी.ओ. कार्यालय से एन.ओ.सी. की जरूरत थी। इस दौरान उसकी एन.ओ.सी. पर सभी अधिकारियों ने हस्ताक्षर कर दिए थे लेकिन सहायक इंजीनियर मोहन लाल हस्ताक्षर नहीं कर रहा था तथा उससे रिश्वत की मांग कर रहा था।  

एस.एस.पी. विजीलैंस के आदेशों पर डी.एस.पी. विजीलैंस ब्यूरो कपूरथला कर्मजीत सिंह चाहल ने इंस्पैक्टर केवल किशन, सरकारी गवाह डा. कुलविंद्र सिंह व वैटर्नरी अधिकारी डा. संदीप कुमार तथा सरकारी शैडो गवाह रमन कुमार सिविल पशु अस्पताल इब्बन को साथ लेकर छापामारी की तो सहायक इंजीनियर मोहन लाल को 15 हजार रुपए लेते काबू कर लिया गया। 

Vatika