विजिलेंस ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते सहायक रजिस्ट्रार रंगे हाथों गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 09:19 PM (IST)

लुधियाना (राज): पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ छिड़ी मुहिम के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने एक और बड़ी मछली को अपने जाल में फंसाया है। विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने एक सहकारी सभा के मैनेजर की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक रजिस्ट्रार निखिल गर्ग को 1,00,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। 

हैरान कर देने वाली बात यह है कि आरोपी अधिकारी को विजिलेंस ने पटियाला स्थित उसकी रिहाइश पर जाल बिछाकर दबोचा। आरोपी निखिल गर्ग जगराओं (जिला लुधियाना) में सहायक रजिस्ट्रार सहकारी सभाएं के पद पर तैनात है और उसके पास दोराहा दफ्तर का अतिरिक्त प्रभार भी है। राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरफ्तारी एक सहकारी सभा के मैनेजर द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि दोराहा में उसकी बदली (ट्रांसफर) की अर्जी की सिफारिश करने के बदले में आरोपी सहायक रजिस्ट्रार ने उससे 5 लाख रुपये की भारी-भरकम रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत का सौदा तय होने के बाद आरोपी निखिल गर्ग ने शिकायतकर्ता की बदली से संबंधित सहकारी सभा दोराहा की प्रोसीडिंग बुक की आज की एंट्री में पिछली तारीख के हस्ताक्षर भी कर दिए थे।

इतना ही नहीं, आरोपी अधिकारी ने अपने सीनियर अफसरों के नाम पर इस रिश्वत की रकम की मांग की थी और टोकन मनी लेने के बाद उसने सहकारी सभा के अपने एक सीनियर अधिकारी को इस बारे में सूचित भी कर दिया था। शातिर अधिकारी की इस करतूत को भांपते हुए शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से संबंधित सारी बातचीत को अपने पास रिकॉर्ड कर लिया। चूंकि शिकायतकर्ता रिश्वत देने के हक में नहीं था, इसलिए उसने तुरंत विजिलेंस ब्यूरो के आर्थिक अपराध विंग (ईओडब्ल्यू) लुधियाना से संपर्क किया। शिकायत मिलते ही विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने रणनीति के तहत जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी सहायक रजिस्ट्रार निखिल गर्ग ने पटियाला में अपने आवास पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1,00,000 रुपये पकड़े, वैसे ही दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में विजिलेंस की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। मौके पर ही तलाशी के दौरान उसके कब्जे से रिश्वत वाले नोट बरामद कर लिए गए। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के ईओडब्ल्यू थाना लुधियाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की गहन जांच जारी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News