फिरोजपुर की सेंट्रल जेल का असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट गिरफ्तार, हैरत में डाल देगा मामला

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 10:59 AM (IST)

फिरोजपुर: फिरोजपुर की सेंट्रल जेल में बंद कैदियों तक मोबाइल फोन पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए असिस्टेंट जेल सुपरिटेंडेंट बिन्नी टांग को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि वह पैसे लेकर कैदियों को जेल के अंदर मोबाइल उपलब्ध करवाते थे। इस मामले में जेल से बरामद 6 मोबाइल फोन के संबंध में 7 कैदियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को कैदी संदीप सिंह के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि इस मोबाइल का इस्तेमाल कैदी परमप्रीत सिंह उर्फ जस्सा शैरी भी करता था। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि यह मोबाइल उसी दिन सुबह ड्यूटी पर तैनात वार्डर राहुल ने पहले ही बरामद कर लिया था, लेकिन जेल प्रशासन को सौंपने की बजाय उसने मोबाइल दोबारा कैदियों को लौटा दिया। आरोप है कि मोबाइल वापस करने के बदले उसने 20 हजार रुपये की रिश्वत ली थी।

मामले की आगे की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने असिस्टेंट जेल सुपरिटेंडेंट बिन्नी टांग को गिरफ्तार कर लिया। एसपी (डी) मनजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जेल के अंदर मोबाइल पहुंचाने के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की गहन जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News