ATM से पैसे निकलवाने गया व्यक्ति बना शिकार, शातिर चोर ने उड़ाए हजारों

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 05:24 PM (IST)

सुल्तानपुर लोधी(धीर): साइबर क्राइम के जरिए शातिर चोरों की ठगी लगातार जारी है। सोशल मीडिया पर इसके खिलाफ कैंपेन चलाने के बावजूद लोग इसके शिकार हो जाते हैं और इसका पता तब चलता है जब सब कुछ लुट चुका होता है। जी हां, ऐसी ही एक घटना लेबर डे के मौके पर सुल्तानपुर लोधी में हुई। जब एक व्यक्ति जिसने अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए कड़ी मेहनत की थी और पैसा जोड़ा था। ये पैसे शातिर चोर ने ए.टी.एम. से निकाल लिए।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

घटना का शिकार हुए शाहकोट के रहने वाले अशोक कुमार ने जानकारी देते बताया कि वह एक आम मजदूर है और पी.वी.सी. की दुकान पर दिहाड़ी पर काम करता है। उसने बताया कि जब वह अपनी बेटी के एडमिशन के लिए पैसे निकालने के लिए सुल्तानपुर लोधी में एच.डी.एफ.सी. बैंक के ए.टी.एम. में गया था तो एक व्यक्ति ने उनका भरोसा जीतकर पहले उनके ए.टी.एम. से 5000 निकालकर उनके हाथ में थमा दिए। इस दौरान उन्होंने उनका पासवर्ड भी देख लिया और फिर कुछ ही सेकेंड में हाथ की सफाई से उसके असली ए.टी.एम. कार्ड को अपने कार्ड से बदल दिया।

पीड़ित अशोक कुमार ने बताया कि उसे कुछ देर तक तो पता ही नहीं चला लेकिन जब तक उसे इसका अहसास हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसने बताया कि अकाउंट से करीब 80 हजार निकाल लिए गए और कुछ पैसों से शॉपिंग भी की गई। वहीं उसने बताया कि कुछ पैसे उस दुकान के ग्राहकों के भी थे जो भरोसे के साथ उनके अकाउंट में आए थे।

सीसीटीवी कैमरे का वीडियो

यह पूरा फ्रॉड वीडियो बैंक के ए.टी.एम. में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गया। इससे साफ जाहिर है कि कैसे फ्रॉड करने वाले आपके ए.टी.एम. पर नजर रखते हैं और मौका मिलते ही भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बना लेते हैं।

बैंक और साइबर क्राइम में शिकायत

पीड़ित अशोक कुमार ने बताया कि उसने सबसे पहले बैंक के जरिए इस फ्रॉड की शिकायत की, जहां कार्ड बंद होने के बाद भी अकाउंट से पैसे निकल जाते हैं। उसने कहा कि एच.डी.एफ.सी. बैंक ने उसकी कोई मदद नहीं की। उसने इस बारे में साइबर क्राइम में भी शिकायत की, लेकिन उन्होंने अभी तक उसकी कोई मदद नहीं की है। जब उसने दोबारा एच.डी.एफ.सी. बैंक और साइबर क्राइम में शिकायत करने की बात कही, तो बैंक अधिकारियों ने कहा कि अगर साइबर क्राइम वाले यहां आते हैं, तो वे यू.एस.पी.सी. को वीडियो दे सकते हैं।

क्या पीड़ित को इंसाफ मिलेगा

अब सवाल यह उठता है कि क्या पीड़ित अशोक कुमार को ठगे जाने पर इंसाफ मिलेगा। क्या बैंक अधिकारी या साइबर क्राइम वाले ठगों को गिरफ्तार करके उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाएंगे। अब ए.टी.एम. इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति को इस घटना से सबक लेना चाहिए और किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा नहीं करना चाहिए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News