लुधियाना में फल विक्रेता पर जानलेवा हमला! तलवारों-बेसबॉल से पीटा, की लूट
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 08:53 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के जनकपुरी इलाके में अपराधियों और झपटमारों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अभी जनकपुरी मेन मार्केट में फल विक्रेता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों थाना डिविजन नंबर 2 की पुलिस ने पांच आरोपियों को नामज़द किया है। नामजद आरोपियों की पहचान गोपी, जतिन उर्फ पापलु, अजय उर्फ अजू, राहुल (चारों निवासी डॉ. अंबेडकर कॉलोनी / घोड़ा कॉलोनी, लुधियाना), हर्ष (निवासी विजय नगर, लुधियाना) के रूप में हुई है।
पुलिस को दिए बयानों में पीड़ित शिकायतकर्ता सत्यम कुमार ने बताया कि वह जनकपुरी की गली नंबर 16 के सामने फ्रूट की रेहड़ी लगाता है। बीती 20 जून को रोजाना की तरह वह अपनी रेहड़ी बंद करके पैदल ही अपने घर की तरफ जा रहा था। अभी वह रास्ते में ही था कि चीमा चौक की तरफ से मोटरसाइकिल और एक्टिवा पर सवार होकर पांच युवक आए और उसके पास से गुजरे। इन सभी युवकों के हाथों में नंगी किरपानें और बेसपॉल के डंडे थे। पीड़ित के मुताबिक, थोड़ी दूर आगे जाने के बाद उक्त सभी आरोपियों ने साजिश के तहत अपनी गाड़ियां मोड़ लीं और सांझे इरादे के साथ सत्यम कुमार को सरेराह चारों तरफ से घेर लिया। रास्ता रोकते ही आरोपियों ने उस पर किरपानों और बेसपॉल के डंडों से हमला कर दिया और उसकी बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पीड़ित को सड़क पर गिराकर गंदी-गंदी गालियां दीं और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकियां दीं। खौफ का माहौल पैदा करके हमलावरों ने जबरदस्ती झपटट्टा मारा और सत्यम की जेब में रखी ₹4000 की नगदी छीन ली। वारदात को अंजाम देकर आरोपी हथियारों सहित अपनी गाड़ियों पर फरार हो गए।
लहूलुहान हालत में पीड़ित ने तुरंत इस घटना की सूचना अपने परिवार और पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित के बयानों के आधार पर पांच मुख्य हमलावरों के खिलाफ लूटपाट, मारपीट और जान से मारने की धमकियां देने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दौरान-ए-तफ्तीश दो मुख्य आरोपियों जतिन उर्फ पापलु और अजय उर्फ अजू को गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है और उनके कब्जे से लूटी गई राशि व वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फरार चल रहे बाकी तीन आरोपियों (गोपी, राहुल और हर्ष) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और उन्हें भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

