फगवाड़ा में बड़ी वारदात, ASI के गले में रस्सी डालकर बुरी तरह की मारपीट (तस्वीरें)

punjabkesari.in Tuesday, Dec 22, 2020 - 06:30 PM (IST)

जालंधर/फगवाड़ा (सोनू महाजन): फगवाड़ा में आज सुबह हैरान करने वाली घटना सामने आई है। इस घटना में आरोपियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस पार्टी पर आरोपी के पारिवारिक सदस्यों ने हमला कर दिया और एक ए.एस.आई. को घर में बंधक बनाकर उसको मुंह और गले में रस्सी डालकर उसकी बुरी तरह मारपीट की। थाना सतनामपुरा के एस.एच.ओ. ने पुलिस पार्टी के साथ जाकर बंधक बनाए गए ए.एस.आई. को छुड़ाया और उसको अस्पताल में भर्ती करवाया।



मिली जानकारी अनुसार आरोपी परिवार के सारे सदस्यों पर पहले ही मामला दर्ज है और उनकी हाईकोर्ट से जमानत भी रद्द हो चुकी है। दरअसल सतनामपुरा थाने से कुछ ही दूरी पर एक कोठी पर कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ है जिस पर पुलिस ने 2017 में मामला दर्ज किया था। कोठी मालिक संजीव कुमार ने बताया कि 2017 में जोगिंदर पाल सहित उसके परिवार के सदस्यों पर मामला दर्ज करवाया था। पूरे परिवार ने उनकी कोठी पर कब्जा किया हुआ है। 



इस मामले में आज आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए सुबह 4 पुलिस मुलाजिमों को साथ लेकर गए। ए.एस.आई. परमिंदर सिंह भट्टी को आरोपियों ने अंदर खींच कर मारना शुरु कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने बाकी पुलिस मुलाजिमों पर भी ईंटों से हमला कर दिया, इस दौरान बड़ी मुश्किल से उन्होंने भाग कर अपनी जान बचाई और आरोपियों ने उनकी कार भी तोड़ दी।



क्या कहना है जख्मी ए.एस.आई. का
जख्मी ए.एस.आई. परमिंदर सिंह भट्टी ने बताया कि आरोपियों पर 2017 में कोठी पर कब्जा करने की शिकायत आई थी, जिसके बाद उन पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। हाईकोर्ट से आरोपियों की जमानत भी रद्द हो गई थी, जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार करने के आदेश मिले थे। आज सुबह वह कोठी मालिक को साथ लेकर आरोपियों को गिरफ्तार करने गए तो आरोपी परिवार ने उन पर हमला कर दिया। ए.एस.आई. ने बताया कि आरोपियों ने उसके मुंह और गले में रस्सी डालकर उसकी बुरी तरह मारपीट की। उक्त ने बताया कि बादल में पुलिस ने उसको आरोपियों की गिरफ्त से छुड़ाया। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं।


 

Mohit