बुड्ढा दरिया के पास जमीन पर कब्जे की कोशिश, सबूत जुटा रहे मालिक को घेरकर किया जानलेवा हमला
punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 04:19 PM (IST)
लुधियाना (राज): बुड्ढा दरिया के नजदीक अपनी ही जमीन पर हो रही अवैध गतिविधि का मोबाइल से वीडियो और फोटो बना रहे एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों ने पीड़ित की गाड़ी के आगे अपनी बाइक लगाकर न सिर्फ उसका रास्ता रोका, बल्कि लोहे की रॉड से गाड़ी पर ताबड़तोड़ वार करते हुए जबरन दरवाजा खोलने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि मौके पर राहगीरों को आता देख पीड़ित अपनी गाड़ी भगाकर जान बचाकर निकलने में कामयाब रहा। उसने शिकायत पुलिस को दी जिसके बाद थाना दरेसी की पुलिस ने हरिंदरपाल सिंह की शिकायत पर आरोप जतिंदर सिंह उर्फ जिंदी, हैप्पी गिल और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयानों में हरिंदरपाल सिंह ने बताया कि 10 जुलाई को वह अपनी एक एचआरसी की शिकायत के सिलसिले में चंडीगढ़ गया हुआ था। चंडीगढ़ में अपना काम निपटाने के बाद जब वह लुधियाना वापस लौट रहा था, तो वह रास्ते से सीधे बुड्ढा दरिया, लुधियाना स्थित अपनी कृषि व व्यावसायिक जमीन का मुआयना करने के लिए चला गया। जैसे ही उसने अपनी जमीन पर नजर डाली तो उसके होश उड़ गए। वहां कुछ लोग उसकी जमीन पर जबरन घुसकर अवैध तरीके से सामान उठा रहे थे और कब्जा करने की फिराक में थे। उसने तुरंत अपनी कार रोकी और सबूत के तौर पर अपने मोबाइल फोन से उन लोगों की तस्वीरें और वीडियो बनानी शुरू कर दी थी। जैसे ही जमीन पर मौजूद अवैध कब्जाधारियों को पता चला कि उनकी तस्वीरें खींची जा रही हैं, तो वे पूरी तरह बौखला गए। इस बीच आरोपियों ने उसे घेर कर कार पर हमला करना शुरू कर दिया। पास आने पर पता चला कि आरोपी जतिंदर सिंह उर्फ जिंदी, हैप्पी गिल और उनके एक अन्य अज्ञात साथी है। लोगों के इक्ट्ठा होने पर वह जान बचा कर भाग निकला और पुलिस को इसकी सूचना दी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

