लुधियाना में सफर करना हुआ खतरनाक! Auto Gang ने तड़के सुबह सवारियों को बनाया शिकार, डरे-सहमे लोग

punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 09:22 AM (IST)

लुधियाना (राज/गौतम): महानगर में बेखौफ घूम रहे शातिर अपराधियों के हौंसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वह राहगीरों से सिर्फ नकदी या मोबाइल छीनने तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि हथियारों की नोक पर सीधे लोगों के बैंक खाते खाली करवाने लगे हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला दरेसी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां तड़के ऑटो में सवार हुई 7 सवारियों की सांसें उस वक्त हलक में अटक गईं, जब ऑटो चालक और उसके साथियों ने तेजधार हथियार निकाल कर मौत का तांडव शुरू कर दिया।

बदमाशों ने मौत का खौफ दिखाकर न सिर्फ सवारियों को बंधक बनाया, बल्कि एक युवक की गर्दन पर दातर रखकर जबरन उसके मोबाइल से हजारों रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इस हाई-टेक लूट की वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा (गौतम बुद्ध नगर) की एक नामी कंपनी में काम करने वाले दिलीप कुमार मोरिया बीते 16 मई को अपनी बहन से मिलने के लिए लुधियाना पहुंचे थे। सुबह करीब 4:45 बजे वह रेलवे स्टेशन से बाहर निकले और अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए एक ऑटो में सवार हो गए।

तेजधार हथियारों की नोक पर दिया वारदात को अंजाम

उस वक्त ऑटो में कुछ अन्य सवारियां भी मौजूद थीं। अभी ऑटो कुछ ही दूरी पर गया था कि अचानक ऑटो चालक और उसके 2 साथियों ने अपना असली रंग दिखा दिया। आरोपियों ने अचानक एक चमचमाता हुआ तेजधार दातर निकाला और ऑटो में बैठी सभी 7 सवारियों पर तान दिया। अचानक मौत सामने देख ऑटो के भीतर चीख-पुकार मच गई, लेकिन शातिर लुटेरों ने हथियार लहराते हुए सबको जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। इसके बाद बदमाशों ने हथियार की नोक पर बाकी सवारियों से नकदी और कीमती सामान झपट लिया।

युवक को चलते ऑटो से फैंका बाहर

इसके बाद आरोपियों की नजर ग्रेटर नोएडा से आए दिलीप पर पड़ी। बदमाशों ने झपट्टा मारकर दिलीप का मोबाइल फोन छीन लिया और उसकी गर्दन पर दातर रख दी। बदमाशों ने दिलीप को बुरी तरह डराया और जान से मारने की धमकी देकर जबरन उसके फोन से 4 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 58,300 रुपये की मोटी रकम गगन पीर नाम के एक शख्स के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा ली।सवारियों को लूटने और दिलीप का बैंक खाता पूरी तरह खाली करने के बाद इन बेखौफ बदमाशों ने क्रूरता की हदें पार कर दीं। लुटेरों ने पीड़ित दिलीप को बस्ती जोधेवाल के पास बॉम्बे टायर इलाके में चलते ऑटो से सड़क पर धक्का दे दिया और सुबह के अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए। किसी तरह संभलकर पीड़ित ने इस खौफनाक वारदात की सूचना पुलिस को दी।

थाना दरेसी की पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत चांज शुरू कर दी है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में गगन पीर और उसके 2 अज्ञात साथियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 304-3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई हरपाल सिंह का कहना है कि जिस खाते में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उसके आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया गया है। पुलिस का दावा है कि ऑटो सवार इन शातिर लुटेरों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे बंद किया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News