खराब मौसम : उत्तराखंड/हिमाचल की यात्री संख्या में 60 प्रतिशत तक गिरावट

punjabkesari.in Tuesday, Jan 05, 2021 - 12:31 PM (IST)

जालंधर(पुनीत): मौसम की खराबी के चलते उत्तराखंड व हिमाचल को जाने वाली यात्री संख्या में बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। इस क्रम में सबसे अधिक प्रभावित हिमाचल को जाने वाली बसें हुई है, क्योंकि कई रूटों पर 60 प्रतिशत तक की बड़ी गिरावट देखने को मिली है। वहीं इस क्रम में धूप खिलने के चलते पंजाब के रूटों पर जाने वाले यात्रियों का आवागमन आज पिछले दिनों के मुकाबले अधिक देखा गया।

उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से यह रूट विभाग के लिए अधिक फायदेमंद साबित नहीं हो रहा। शुक्रवार से यात्री संख्या में अधिक कमी देखी जा रही है। वहीं मौसम विभाग द्वारा बारिश की भविष्यवाणी किए जाने के चलते आने वाले दिनों में भी उत्तराखंड में यात्री कम होने की संभावना है। इसी के चलते विभाग द्वारा इस रूट पर बेहद कम बसें रवाना की जा रही हैं। वहीं नैनीताल के हलद्वानी के रूट के लिए यात्री संख्या पर अधिक असर नहीं पड़ा।

हिमाचल में हुई ताजा बर्फबारी व कई इलाकों में वर्षा के चलते पर्यटकों ने अब हिल स्टेशन की वादियों में जाने को अधिक महत्व नहीं दे रहे। अधिकारी बताते है कि लोग क्रिसमिस व नया साल मना चुके हैं जिसके चलते हिमाचल जाने वाले लोगों की संख्या कम है। शिमला व ऊपरी इलाकों में जाने वाले यात्रियों की संख्या पिछले सप्ताह के मुकाबले केवल 20-25 प्रतिशत रह चुकी है। वहीं इसके अलावा नीचले इलाके जैसे धर्मशाला आदि को जाने के लिए भी पर्यटकों की संख्या कम है। 

अधिकारी बताते हैं कि अब छुट्टियों के बाद अब वर्किंग दिवस शुरू हो चुके है, इसके चलते अब आने वाले शुक्रवार को यात्री संख्या बढऩे की उम्मीद है, लेकिन यदि मौसम इसी तरह खराब रहा तो यात्री बढ़ौतरी की संभावनाएं कम हो जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल के कई स्थानों पर बर्फबारी के चलते वाहनों को निकालने के लिए रैसक्यू ओप्रेशन चलाने पड़े हैं। इसी के चलते वहां पर जाने वाली बसों को भी बेहद सावधानियां अपनाने को कहा गया है। वहीं चंडीगढ़ से जारी हिदायतों के मुताबिक पूरे घटनाक्रम पर पूरी नजर रखी जा रही है। 

पंजाब की बात की जाए तो पिछले दिनों से पड़ रही धूंध व हलकी वर्षा के कारण लोगों घरों में दुबकने को मजबूर हुए थे और वह घूमने के लिए बाहर नहीं जा रहे थे। सोमवार को कई दिनों बाद धूप ने दर्शन दिए जिसके चलते पंजाब के रूटों में यात्री संख्या बढ़ी हुई देखी गई।

पिछले दिनों के मुकाबले हरियाणा में दर्ज हुई बढ़ौतरी
वहीं, हरियाणा के लिए जाने वाली बसों की संख्या में आज बढ़ौतरी देखने को मिली। इनमें कई किसानों के समर्थक भी रवाना हुए। किसान अंदोलन में शामिल होने वाले लोग अपनी तरफ से योगदान डालने के लिए निजी वाहनों व बसों के जरिए रवाना हो रहे। बस चालकों का कहना है कि हरियाणा के कुंडली बैरियर के पहले तक बसें जाती है। इस क्रम में किसानों द्वारा आज तक किसी बस को आने से मना नहीं किया। किसान बेहद शांतिमय ढंग से बैठे हैं।

Sunita sarangal