शिरोमणि कमेटी पर काबिज होकर बादल ने पंथक मर्यादा को तिलांजलि दी: ब्रह्मपुरा

punjabkesari.in Tuesday, Feb 05, 2019 - 10:03 PM (IST)

जालंधर(चावला): शिरोमणि अकाली दल टकसाली के प्रधान रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा ने कहा कि वह समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। शिरोमणि अकाली दल की नीतियों से निराश होकर ज्यादातर अकाली नेता और वर्कर घर बैठने को मजबूर हैं। पंजाब की खुशहाली के लिए अकाली दल टकसाली की स्थापना की गई है।

प्रधान रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा, सेवा सिंह सेखवां ने संयुक्त रूप से कहा कि पंजाब को साफ-सुथरी और उसूलों पर आधारित राजनीतिक ढांचा मुहैया करवाना पार्टी का मुख्य उद्देश्य है। बादल परिवार ने पंथक एजैंडे को तबाह कर दिया है और शिरोमणि कमेटी पर काबिज होकर पंथक मर्यादा को तिलांजलि दे दी है। आने वाले दिनों में बादलों को छोड़ कर कई और नेता अकाली दल टकसाली में शामिल होने जा रहे हैं। इससे पूर्व पंजाब विधानसभा के पूर्व स्पीकर वीर दविन्द्र सिंह और ऑल इंडिया सिख स्टूडैंट फैडरेशन के प्रधान हरिन्द्र सिंह काहलों ने अकाली दल टकसाली में शामिल हो गए। इस दौरान प्रधान रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा, रतन सिंह अजनाला और सेवा सिंह सेखवां ने पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत करते हुए सिरोपा देकर उनको सम्मानित किया। 

वहीं, वीर दविन्द्र सिंह ने कहा कि पंथक सोच को बरकरार रखना सिखों के लिए बहुत जरूरी है जबकि सियासत का व्यापारीकरण हो चुका है और माफिया सियासत में हावी हो रहा है। बादल परिवार के चंगुल से शिरोमणि कमेटी को आजाद करवाना समय की मांग है। इस मौके पर रविन्द्र सिंह ब्रह्मपुरा, मनमोहन सिंह सठियाला, अमरपाल सिंह बौनी, उजागर सिंह वडाली आदि हाजिर थे। 
 

Vaneet