अहमदिया भाईचारे पर पाकिस्तान में हो रहे जुल्मों कारण उन्हें भारत में शरण दी जाए: बाजवा

punjabkesari.in Saturday, Dec 14, 2019 - 02:43 PM (IST)

गुरदासपुर (हरमनप्रीत): राज्य सभा सदस्य और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को पत्र लिख कर अहमदिया भाईचारे पर पाकिस्तान में हो रहे जुल्मों का हवाला देते हुए इस भाईचारे को भारत में शरण देने की मांग की है। 

उल्लेखनीय है कि प्रताप सिंह बाजवा पंजाब के कादियां शहर से ही संबंधित हैं, जहां अहमदिया जमात के संस्थापक मिर्जा गुलाम अहमद का जन्म हुआ था और अहमदिया भाईचारे के लोगों के लिए कादियां शहर उनकी असली बुनियाद है। पत्र द्वारा बाजवा ने कहा कि अहमदिया जमात के हमारे देश से बहुत पक्के संबंध हैं क्योंकि इस संप्रदाय के संस्थापक मिर्जा गुलाम अहमद ने हमारे देश में पंजाब के शहर कादियां में जन्म लेकर इसी स्थान से अपनी शिक्षाओंं का प्रसार शुरू किया था। अहमदिया जमात को पाकिस्तान के लोग मुसलमान नहीं मानते, क्योंकि 1974 में पाकिस्तान में जुल्फिकार अली भुट्टो के नेतृत्व वाली सरकार ने अहमदियों को गैर मुसलमान घोषित करने के लिए कानून में संशोधन किया था। उसके बाद पाकिस्तान में इस जमात के लोगों पर अत्याचार शुरू हो गया था। 

उन्होंने इस संप्रदाय के लोगों पर हुए अत्याचार की कहानियां बयान कर कई उदाहरण देते हुए कहा कि अहमदिया जमात पर किए गए हमलों के कारण यह भाईचारा अपना हैडक्वार्टर लंदन ले जाने के लिए मजबूर हो गया था। इसके बावजूद ये लोग आध्यात्मिक रूप से कादियां के साथ गहरा संबंध रखते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री व गृह मंत्री से अपील की कि नागरिकता संशोधन बिल का घेरा बढ़ा कर इस जमात के लोगों को उनके असली घर वापस आने का मौका दिया जाए।

Vatika