केंद्रीय जेल पटियाला में बलवंत सिंह राजोआणा ने शुरू की भूख हड़ताल

punjabkesari.in Tuesday, Jul 17, 2018 - 09:15 AM (IST)

पटियाला (बलजिन्द्र/ जोसन) : पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के कत्ल के दोष में फांसी की सजा पाए बलवंत सिंह राजोआणा ने आज केंद्रीय जेल पटियाला की बैरक नं.-16 में अपनी घोषणा के मुताबिक आज सुबह भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने अकाली दल और शिरोमणि कमेटी की भूख हड़ताल को न करने की अपील को खारिज किया।

उन्होंने सुबह से कुछ नहीं खाया और साफ किया कि जब तक शिरोमणि कमेटी की तरफ से फांसी के फैसले को उम्र कैद में बदलने की अपील पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से कोई फैसला नहीं होता तब तक वह किसी भी कीमत पर अपनी भूख हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। राजोआणा के भूख हड़ताल पर जाने की पुष्टि जेल सुपरिंटैंडैंट राजन कपूर की तरफ ने भी की। शाम तक राजोआणा की हालत ठीक थी।

आज सुबह बलवंत सिंह राजोआणा की बहन कमलदीप कौर को श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने भी राजोआणा को भूख हड़ताल न बैठने के लिए कहा था। बलवंत सिंह राजोआणा का कहना है कि शिरोमणि कमेटी ने उस की फांसी की सजा को उम्र कैद में बदलने संबंधी जो अपील की, उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उनका कहना था कि शिरोमणि कमेटी द्वारा लिखित में देने के बावजूद भी कोई पैरवी नहीं की गई और पिछले 6 सालों से अपील इसी तरह फाइलों का शृंगार बनी हुई है। 

Vatika