राजोआणा को श्री अकाल तख्त साहिब का जत्थेदार बनाए जाने की खबरों का बहन ने किया खंडन

punjabkesari.in Friday, Aug 24, 2018 - 10:20 AM (IST)

पटियाला(बलजिन्द्र) : मीडिया के एक हिस्से और सोशल मीडिया में बलवंत सिंह राजोआणा को जल्दी ही श्री अकाल तख्त साहिब का जत्थेदार बनाए जाने की खबरें चर्चा का विषय बनने के बाद आज उनकी बहन ने इन सभी बातों को अफवाह करार देते हुए इसका खंडन किया है। 

कमलदीप कौर राजोआणा ने कहा कि साल 2012 में जब बलवंत सिंह राजोआणा की फांसी की सजा खत्म करवाने के लिए खालसा पंथ सड़कों पर आ गया था तो उस समय श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार बलवंत सिंह नंदगढ़ ने मीडिया को कहा था कि यदि उनकी जगह बलवंत सिंह राजोआणा को जत्थेदार बनाया जाता है तो वह जत्थेदारी के पद से इस्तीफा दे देंगे। वर्ष 2012 में ही श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह खालसा ने फोन पर भी यही बात कही थी कि यदि बलवंत सिंह राजोआणा को जत्थेदार बनाया जाता है तो वह अपना पद छोडऩे के लिए तैयार हैं।

उस समय भी उनके भाई बलवंत सिंह राजोआणा का जवाब था कि उसने अपने राष्ट्रीय फर्ज पूरे किए हैं और उसका पूरा जीवन श्री अकाल तख्त साहिब को समर्पित है। उसने कहा था कि वह अपनी सजा घटाने के लिए श्री अकाल तख्त साहिब के पद का प्रयोग नहीं करेगा। इसलिए वह जत्थेदारी नहीं लेना चाहता। उन्होंने कहा कि बलवंत सिंह राजोआणा आज भी अपने उसी स्टैंड पर कायम है और पूरी तरह श्री अकाल तख्त साहिब और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को समर्पित है। 

Vatika