शराब के नशे में धुत कैंटर चालक ने कार को मारी टक्कर, 4 घायल
punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 05:43 PM (IST)
धनौला (विवेक सिंधवानी): मंडी धनौला के भीखी वाले मोड़ पर सोमवार को उस वक्त एक भयानक सड़क हादसा हो गया, जब शराब के नशे में धुत एक कैंटर चालक ने सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क पर पलट गई और एक फ्रूट की रेहड़ी को तोड़ते हुए पास के एक खोखे में जा घुसी। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
माता के दर्शन कर लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देव सिंह अपने परिवार के सदस्यों परविंदर कौर, रमनदीप कौर और एक छोटे बच्चे हसमीत सिंह के साथ स्विफ्ट कार में सवार होकर नजदीकी गांव कालेके में माता के दर्शन कर माथा टेककर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार धनौला के भीखी वाले मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक कैंटर ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कैंटर चालक सुरजीत सिंह उर्फ काला निवासी धनौला शराब के नशे में पूरी तरह धुत था और बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था।
मदद के लिए दौड़े लोग, SSF टीम ने घायलों को निकाला
टक्कर के बाद कार के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद 'सड़क सुरक्षा बल' टीम के इंचार्ज जसवीर सिंह ने अपनी टीम और स्थानीय लोगों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
रेहड़ी मालिक का भारी नुकसान
इस हादसे की चपेट में सड़क किनारे खड़ी मघर सिंह की फ्रूट की रेहड़ी भी आ गई। कार की टक्कर से रेहड़ी पूरी तरह टूट गई और सारा फल सड़क पर बिखर गया। रेहड़ी मालिक मघर सिंह ने दुख जताते हुए कहा कि इस हादसे में उसका लगभग 20 हजार रुपये का नुकसान हो गया है। उसने प्रशासन से मांग की है कि गरीब होने के नाते उसे इस नुकसान का मुआवजा दिलाया जाए।
आरोपी चालक पुलिस हिरासत में
हादसे की सूचना मिलते ही थाना धनौला के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नशे में धुत कैंटर चालक सुरजीत सिंह को हिरासत में ले लिया है और वाहनों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

