बरनाला की दूसरी पीड़ित महिला ने जीती 'कोरोना' से जंग

punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2020 - 04:44 PM (IST)

पटियाला/बरनाला(परमीत, पुनीत): पटियाला के मैडीकल स्टाफ और प्रशासन की मेहनत से सरकारी राजिंदरा अस्पताल से बरनाला की कोरोना पीड़ित महिला मरीज को तंदरुस्त होने के बाद छुट्टी दे दी गई। बरनाला की कोरोना पीड़ित महिला को 6 अप्रैल यहां आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। पूरी तरह ठीक होने के बाद उसे घर भेज दिया गया। इस महिला के ठीक होकर रवाना होने पर वन्दे मातरम दल के अधिकारी भी मौजूद थे।

वन्दे मातरम देता था महिला के लिए रोज खाना
वन्दे मातरम दल के गुरमुख सिंह गुरु, पवन सिंगला और दीपक सिंह की ओर से इस महिला के लिए रोज खाना पहुंचाया जाता था। वास्तव में यह खाना शान्ति देवी, मंजू नेगी और सुरिन्दर कौर की ओर से तैयार किया जाता था। इस महिला को अस्पताल द्वारा पहले 3 दिन खाने के लिए परौंठे दिए जाते थे परन्तु उसके गले में टौंसिल होने के कारण वह खा नहीं पा रही थी। भर्ती होने के तीन दिन बाद महिला की बेटी ने वन्दे मातरम दल से संपर्क किया, जिसने आज तक यह खाना पहुंचाया। गुरसुख सिंह गुरु ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में अब परांठे के साथ खिचड़ी, पुलाओ और दलिया भी दिया जा रहा है।

बरनाला पहुंचने पर हुआ बढ़िया स्वागत, प्रशासन ने बढ़ाया हौंसला
महिला के बरनाला पहुंचने पर सिविल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने फूलों के गुलदस्तों के साथ महिला का स्वागत किया और इस बीमारी के खिलाफ डटे रहने के लिए बधाई भी दी। बरनाला की महिला 4 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी, जिसका इलाज पहले बरनाला में हुआ और हालत खराब होने के बाद उसे पटियाला रैफर किया गया था।

मौके पर सिविल सर्जन गुरिंदरवीर सिंह ने बताया कि बरनाला में अब तक संदिग्ध 89 केस पाए गए हैं, जिनमें से 75 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है और 2 केस बरनाला में पॉजिटिव पाए गए थे, जिनमें से एक महिला ने इलाज दौरान दम तोड़ दिया था जबकि आज दूसरी महिला ठीक होकर अपने घर वापस लौट आई है। उन्होंने बताया कि अब कोई भी पॉजिटिव केस नहीं है लेकिन फिर भी हमारी ओर से पूरे इंतजाम किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बरनाला निवासियों ने पहले भी पूरा साथ दिया है और उम्मीद करते हैं कि वह आगे भी इसी तरह से सहयोग देते रहेंगे।

Edited By

Sunita sarangal