देश के लिए रोल मॉडल बना गांव छीना, PM ने की 24 लाख के इनाम की घोषणा

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2020 - 01:16 PM (IST)

बटालाः कोरोना वायरस से जहां दुनिया बेहाल दिख रही है, वहीं गुरदासपुर जिले के गांव छीना ने कोरोना से लड़ाई जीत लोगों को जिंदगी जीना सिखा दिया। गांव का प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी भा गया। उन्होंने ग्राम पंचायत छीना में शारीरिक दूरी छह फुट रखने की न सिर्फ प्रशंसा की बल्कि देश की सभी ग्राम पंचायतों से इस पहल को अपनाने की सलाह भी दी।

यही नहीं ग्राम पंचायत छीना ग्राम पंचायत विकास योजना (जी.पी.डी.पी.) के तहत देश की रोल मॉडल भी बनी है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 अप्रैल को 24 लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया है। केंद्रीय सोशल साइट पर भी ग्राम पंचायत छीना का नाम अपलोड किया गया है। इसे कई राज्यों के मंत्री लाइक कर रहे हैं।  ग्राम पंचायत छीना की इस सफलता का श्रेय युवा सरपंच पंथदीप को जाता है। मास्टर ऑफ बिजनेस इकोनॉमिक्स की डिग्री के बाद उन्हें सरकारी नौकरी भी मिली, लेकिन इसे उन्होंने पंचायत में विकास का सपना साकार करने के लिए छोड़ दिया। फिर उन्होंने पंचायत का चुनाव लड़ा तो उन्हें सर्वसम्मति से सरपंच चुन लिया गया। इसके बाद गांव में विकास की ऐसी बुनियाद रखी कि अब छीना गांव किसी मेट्रो सिटी से कम नहीं लगता है।

गांव में शिक्षा से लेकर रोजगार तक की हर सुविधा उपलब्ध है। ग्राम पंचायत में कॉलेज खुलवाया, अब पढ़ाई करने वाले बच्चों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती है। लड़के-लड़कियों में समानता को प्राथमिकता के साथ-साथ लड़कियों की लोहड़ी मनाने की प्रथा भी शुरू कराई। नारी सशक्तीकरण के लिए सेल्फ होम केंद्र खोले गए। इसके साथ ही ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं।

सरपंच पंथदीप सिंह ने गांव छीना के विकास पर लिखी 238 पेजों की एक किताब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजी है। इसमें गांव के विकास पर बनाई गई योजनाएं बताई गई हैं। इससे प्रभावित हो पी.एम. ने गांव छीना को जीपीडीपी के तहत चयनित किया। 24 लाख रुपए की इनाम राशि को खर्च करने के लिए ग्राम पंचायत ने खाका तैयार कर लिया है। यह इनाम राशि रोजगार के साधन उपलब्ध कराने, गांव के विकास और नारी सशक्तीकरण पर खर्च होगी।
 

swetha